DN Exclusive देवरिया: किसान अब हाथों से नहीं.. मशीन से कर सकेंगे धान रोपाई, बचेगा भारी धन-श्रम व समय

डीएन संवाददाता

देश भर में किसानों द्वारा धान की रोपाई अक्सर हाथों से की जाती है, जिसके लंबा समय तो लगता ही है साथ ही श्रम शक्ति और लागत भी ज्यादा लगती है। लेकिन अब सरकार ने इसका वैज्ञानिक विकल्प तलाश लिया है, किसान अब मशीन के जरिये भी धान की रोपाई कर सकेंगे।

खेत में धान रोपाई मशीन का प्रदर्शन करते कृषि अधिकारी
खेत में धान रोपाई मशीन का प्रदर्शन करते कृषि अधिकारी


देवरिया: देश में किसानों द्वारा धान की रोपाई का काम आज भी हाथों द्वारा पारंपरिक तरीके से किया जाता है, जिसे काफी उबाऊ और थकाऊ माना जाता है। हाथ से धान रोपाई में श्रम शक्ति, लागत और समय की ज्यादा बर्बादी होती है। लेकिन सरकार ने अब इसका वैज्ञानिक उपाय ढ़ूढ निकाला है। एक ऐसी मशीन किसानों के लिये ईजात की जा चुकी है जिससे धान रोपाई में समय और धन तो बचेगा ही साथ ही रोपाई का काम कम पानी में भी इस तरह से हो सकेगा, जिससे कि पैदावार ज्यादा हो।

 

 

किसानों के लिये बेहतर धान रोपाई के उद्देश्य से डिजाइन की गयी इस मशीन का प्रदर्शन भागलपुर ब्लॉक के नरियाव गाँव में सत्य प्रकाश मिश्रा के यहाँ हुआ, जहां भारी संख्या में किसानों ने पहुंचकर इसकी खूबियां जानी। इस मशीन से एक बार में 8 लाइन तक की धान रोपाई की जा सकती है। रोपे गये पौधों के बीच की दूरी भी समान रहती है। जिससे पैदावार अधिक और अच्छी होती है।

 

 

देवरिया के उप निदेशक कृषि डॉ एके मिश्रा ने खेतों में जाकर किसानों के सामने स्वयं इस मशीन को चलाया और किसानों को इसकी कई खूबियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि ऐसे आधुनिक उपाय के जरिये सरकार किसानों की आय को बढ़ाने के प्रयास कर रही है। 

 

 

डॉ मिश्रा ने डाइनामाइट न्यूज़ से बातचीत में बताया कि लगभग साढ़े तीन लाख की लागत वाली इस मशीन पर सरकार किसानों को पचास प्रतिशत सब्सिडी उपलब्ध करा रही है, ताकि किसानों को इसके लिये प्रोत्साहित किया जा सका। उन्होंने सभी किसानों से धान रोपाई के लिये इस मशीन का उपयोग करने की भी अपील की।

उन्होंने बताया कि इस मशीन के प्रयोग से किसानों को कई सुविधाएं तो मिलेंगी ही साथ ही उनकी आय में भी बढ़ोत्तरी होगी औऱ धान रोपाई का खर्च काफी कम हो जायेगा।
 










संबंधित समाचार