Akhilesh Yadav in Gorakhpur: गोरखपुर में बोले अखिलेश यादव- आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखायेगी जनता

डीएन संवाददाता

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ के शहर गोरखपुर में एक जनसभा को संबोधित किया औऱ सत्ताधारी भाजपा पर जमकर हमला बोला। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट

महारैली को संबोधित करते अखिलेश यादव
महारैली को संबोधित करते अखिलेश यादव


गोरखपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर गोरखपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर सपा प्रमुख अखिलेश ने न केवल सीएम योगी बल्कि पूरी भाजपा को निशाने पर लिया और सत्ताधारी दल पर कई हमले बोले। उन्होंने भाजपा सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखायेगी। 

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गोरखपुर के सहजनवां में आयोजित जननायक कर्पूरी ठाकुर सामाजिक न्याय महारैली को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने भाजपा पर समाज के पिछड़े वर्गों और गरीबों की उपेक्षा का आरोप लगाया।

सपा प्रमुख ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राज में लोगों के साथ जिस तरह का भेदभाव हो रहा है, उससे उम्मीद है इस तरह के सम्मेलन से बहुजन समाज जागरूक होगा। बहुजन समाज के लोग एक साथ आएंगे और सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ आने वाले 2024 के चुनाव में जनता भाजपा को हराएगी। 

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर खोखले वादे करने के आरोप लगाये। उन्होंने कहा भाजपा राज में स्वास्थ्य सेवाएं ठप हो गई है। कोई गरीब इलाज कराने जाए तो इलाज नहीं मिल रहा। 

अखिलेश ने कहा कि अभी तक बीजेपी ने कोई भी एक जिला अस्पताल नहीं बनवाया। किस भरोसे और उम्मीद के साथ एम्स बना था, एम्स में जो इलाज होना चाहिए था वो अभी भी नहीं हो पा रहे है, ये सब भाजपा की नाकामियां हैं।

अखिलेश यादव ने सीएम योगी को भी अपने निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि जब जब मुख्यमंत्री यहां आए हैं और फिर जब यहां से वापस गए हैं तो किसी न किसी की हत्या हुई है, आप अखबार उठाकर देख लीजिए। ये है इनकी जीरो टॉलरेंस की नीति है।

उन्होंने कहा कि हमारे नाई समाज के लोगों ने लिखा है, नारे लगाए हैं, मैं देख रहा हूं कि गर्व से कहो हम नाई हैं। हमारे समाजवादी साथी इनको जोड़ते हुए कहेंगे गर्व है कि हमारे ये भाई हैं।










संबंधित समाचार