आप ने मोदी और योगी सरकार पर लगाये भ्रष्टाचार के आरोप

डीएन ब्यूरो

लखनऊ के गांधी प्रेक्षागृह में आम आदमी पार्टी प्रवक्ता संजय सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान केन्द्र और योगी सरकार पर हमला बोलते हुए भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।

फाइल फोटो
फाइल फोटो


लखनऊ: राजधानी के गांधी प्रेक्षागृह में आम आदमी पार्टी की निकाय चुनावों को लेकर चुनावी बैठक हुई, जिसमें आम आदमी पार्टी (आप) के प्रवक्ता संजय सिंह ने केन्द्र और यूपी सरकार पर हमला बोलते हुए भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।

किसानों से धोखा करने का आरोप

संजय सिंह ने यूपी की योगी सरकार पर अपने चुनावी घोषणा पत्र में किये गए वादों से पीछे हटने का आरोप लगाया। उन्होनें कहा की भाजपा ने चुनावों के दौरान 1 लाख तक के किसानों के कर्जें माफ करने की बात कही थी, लेकिन अभी यूपी में कई जगहों पर किसानों को 6 रूपयें,9 रूपयें, 84 रूपयें के चेक बांटे जा रहे हैं जो किसानों के साथ एक भद्दा मजाक है। उन्होनें बताया कि एक चेक तैयार करने भर में इससे ज्यादा पैसे खर्च हो जाते हैं।

केन्द्र सरकार पर लगाया जनता से ज्यादा टैक्स वसूलने का आरोप

वहीं संजय सिंह ने केन्द्र सरकार पर हमला बोलते हुए बताया कि सरकार लोगों से 30 % इन्कम टैक्स और 28 % जीएसटी, कुल 58 % टैक्स वसूल रही है। उन्होनें बताया कि दुनिया के किसी भी देश में 58 % टैक्स नही वसूल किया जाता है।
उन्होंने कहा कि देश में पेट्रोल 80 रूपये लीटर तक बिक रहा है जबकि केन्द्र सरकार ने कहा था कि अब कीमतें डेली बेसिस पर बदलेंगी, लेकिन आज से 3 साल पहले के मुकाबले कच्चे तेल की कीमतें 55 % तक गिर चुकी हैं। उन्होनें बताया की अन्तरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में आई गिरावट का फायदा आम आदमी को नहीं मिल रहा है।


पिछले 6 महीनें में यूपी में बढ़े हैं अपराध- संजय सिंह 

आप नेता और प्रवक्ता संजय सिंह ने सूबे की नई गठित 'एंटी रोमियो स्क्वाड' पर लोगों को बेवजह तंग करने का आरोप लगाया। उन्होनें कहा की 'एन्टी रोमियो स्क्वाड' के गठन के बाद भी बेटियों के खिलाफ अपराध रूक नही रहे हैं। उन्होनें कहा की आज सूबे में महिलाओं में पूरी तरह असुरक्षा का माहौल है। इस दौरान उन्होंने लोगों से आगामी निकाय चुनावों में जाति-धर्म से ऊपर उठकर काम के आधार पर वोट डालने की भी अपील की।

हाउस टैक्स आधा करेगी आप- संजय सिंह 

गौरतलब है कि आप नेता संजय सिंह यूपी के आगामी निकाय चुनावों के मद्देनजर पार्टी की चुनावी तैयारियों का जायजा लेने लखनऊ आये थे। इस दौरान आप नेता ने कहा कि दिल्ली की तर्ज पर हाउस टैक्स आधा करने की बात वे अपने घोषणापत्र में शामिल करेंगे। साथ ही नगर पालिकाओं और निगमों में भ्रष्टाचार पर भी लगाम लगायेंगे।










संबंधित समाचार