Maharajganj: नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले गया युवक, पुलिस पर लापरवाही का आरोप, न्याय के लिये भटक रही मां

डीएन ब्यूरो

महराजगंज में एक मां अपनी नाबालिग बेटी की बरामदगी के लिए दर-दर भटक रही है। पीड़ित महिला का कहना है कि उसकी बेटी को बहला-फुसला कर ले जाया गया है। पढ़ें पूरी खबर



महराजगंज: जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र अंतर्गत लब्दहा गांव निवासी एक नाबालिग को कुछ दिनों पहले गांव का ही एक लड़का बहला फुसलाकर ले गया है, जिसकी बरामदगी को लेकर नाबालिग की मां लीलावती ने कोल्हुई थाने में तहरीर दी है।

नाबालिग लड़की की मां का आरोप है कि कुछ दिनों पहले वो अपने रिश्तेदारी में गई थी, तभी गांव में रहने वाली मालती नामक महिला का लड़का राहुल उसकी नाबालिग लड़की को  बहला फुसलाकर लेकर चला गया है।

पीड़िता मां ने डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता को बताया कि उसकी लड़की नाबालिग है जिसकी बरामदगी को लेकर कोल्हुई थाने में तहरीर दिया है। जिसके बाद पुलिस आरोपी लड़के राहुल साहनी की मां को थाने तो लाई पर लड़की का कोई सुराग नहीं लगा पाई। पीड़ित की मां ने अपनी लड़की की बरामदगी को लेकर कोल्हुई थाने से न्याय न मिलता देख एसपी ऑफिस पर गुहार लगाई जिसके बाद कोल्हुई थाने में आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

लड़की की मां ने आरोप लगाया कि कोल्हुई एसओ रामसहाय चौहान ने उसकी नाबालिग लड़की को मुकदमा पंजीकृत करते समय बालिग दिखाया जबकि वो 16 साल की है। मामले में कोल्हुई पुलिस द्वारा लड़की को बरामद न कर पाने और लोकलाज के डर की वजह से लड़की की मां  ने 15 दिसंबर को जहर खा लिया, जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लोटन ले जाया गया। जहां उपचार के बाद उसकी जान बची। लड़की की मां ने आरोप लगाया कि उसकी लड़की की बरामदगी को लेकर कोल्हुई पुलिस जानबूझकर देर कर रही है।

इस सम्बन्ध में कोल्हुई थाने के प्रभारी एसओ से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि मुकदमा पंजीकृत हो गया है, लोकेशन मिल रही है जल्द ही लड़की को बरामद कर लिया जाएगा।










संबंधित समाचार