अमरोहा में प्रेमिका से बात बंद होने से आहत युवक ने उत्तराखंड में आत्महत्या कर ली। परिवार ने बिना पुलिस कार्रवाई के अंतिम संस्कार किया, मामला चर्चा में। प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह का कहना है कि उन्हें इस तरह की किसी घटना की कोई जानकारी नहीं है।

फोन (Img: Google)
Amroha: एक तरफ प्यार, दूसरी तरफ पाबंदियां… और इसी टकराव ने एक और जिंदगी छीन ली। यूपी के अमरोहा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां प्रेमिका से बातचीत बंद होने से आहत एक युवक ने आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
मंडी धनौरा क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला युवक उत्तराखंड में प्राइवेट नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि उसका पास के ही एक गांव की युवती के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अक्सर फोन पर लंबी-लंबी बातें किया करते थे और एक-दूसरे के काफी करीब आ चुके थे। लेकिन जब युवती के परिजनों को इस रिश्ते की भनक लगी तो उन्होंने सख्ती दिखाते हुए युवती का फोन छीन लिया और उसके घर से बाहर निकलने पर भी पाबंदी लगा दी।
कई दिनों तक प्रेमिका से कोई संपर्क न होने पर युवक बेचैन रहने लगा। उसे किसी तरह यह जानकारी मिली कि युवती पर परिवार ने पूरी तरह से पाबंदी लगा दी है। इसके बाद वह मानसिक रूप से टूटने लगा। करीबियों के मुताबिक, वह इस बात को बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था कि अब वह अपनी प्रेमिका से बात भी नहीं कर पाएगा।
इसी मानसिक तनाव के बीच युवक ने उत्तराखंड के एक शहर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन फूट-फूटकर रोने लगे और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हालांकि, परिवार ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह का कहना है कि उन्हें इस तरह की किसी घटना की कोई जानकारी नहीं है। ऐसे में यह मामला पूरी तरह से परिवार और स्थानीय स्तर पर ही सिमटता नजर आ रहा है।