Weather Update: पहाड़ों में बर्फबारी ने बदला मौसम, जानिए यूपी-बिहार समेत सभी राज्यों के मौसम का ताजा हाल
पहाड़ी और मैदानी राज्यों में मौसम अपने नए-नए रूप दिखा रहा है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

नई दिल्ली: पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानों में हल्की बूंदाबांदी ने मौसम को बदल दिया है। जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है।मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के साथ ही बिहार और पूर्वोतर भारत के 13 राज्यों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय क्षेत्रों में बारिश के दौरान बिजली और ओले गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया। वहीं, बिहार, छत्तीसगढ़, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और असम समेत पूर्वोत्तर के सभी सातों राज्यों के लिए यलो अलर्ट जारी किया।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भी तापमान में गिरावट जारी है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।
18 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे ठंड बढ़ गई। 22-23 फरवरी को आसमान साफ रहने की संभावना है, लेकिन 24 फरवरी को हल्के बादल छा सकते हैं। शनिवार सुबह हल्के कोहरे या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं, जिससे सर्दी का एहसास बना रहेगा।
यह भी पढ़ें |
Weather Update: दिल्ली-यूपी समेत जानिए पूरे देश के मौसम का ताजा हाल
मौसम विभाग के अनुसार वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से मौसम में अभी बदलाव के आसार हैं।
IMD के अनुसार यूपी के ज्यादातर जिलों में आज मौसम साफ रहेगा। रात और सुबह के समय कहीं-कहीं हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। आईएमडी ने 23, 24 और 25 फरवरी को भी प्रदेश में मौसम साफ रहने के साथ ही कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।
वहीं राज्य के पूर्वी जिलों में आंधी आने या बिजली गिरने या ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस दौरान कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश भी हो सकती है।
आईएमडी के मुताबिक उत्तर पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण 25-27 फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में व्यापक बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें |
Weather Update: जानिये कैसा है उत्तर भारत में मौसम का हाल
26 और 27 फरवरी को हिमाचल प्रदेश में और 27 फरवरी को उत्तराखंड में मैदानी इलाकों में बारिश और चोटियों पर भारी हिमपात का अनुमान है।
बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में सप्ताहांत में बारिश होने की संभावना है, संभवतः गरज के साथ। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में सप्ताहांत से लेकर अगले सप्ताह तक व्यापक बारिश होने की संभावना है।
पंजाब के मैदानी इलाकों को छोड़कर, पूरे देश में अगले पांच दिनों तक तापमान सामान्य के करीब रहेगा, जहां शुक्रवार और शनिवार को अधिकतम तापमान ठंडा रह सकता है।