राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद प्रियंका गांधी करेंगी कांग्रेस के इस नये अभियान की शुरूआत

डीएन ब्यूरो

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। पार्टी की इस यात्रा के बाद प्रियंका गांधी अगले साल कांग्रेस के एक नये अभियान की शुरूआत करेंगी। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

रविवार को दिल्ली में हुई कांग्रेस संचालन समिति की बैठक
रविवार को दिल्ली में हुई कांग्रेस संचालन समिति की बैठक


नई दिल्ली: राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी द्वारा कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा रविवार को मध्य प्रदेश के बाद राजस्थान पहुंच गई है। कांग्रेस का कहना है कि भारत जोड़ो यात्रा को भारी सफलता मिल रही है। इसी सफलता से उत्साहित होकर कांग्रेस ने अब अपने एक नये अभियान की घोषणा की है, जिसका आगाज अगले साल 26 जनवरी 2023 को पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के नेतृतव में किया जायेगा। 

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल ने रविवार को कहा कि फरवरी में पार्टी का पूर्ण अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस का पूर्ण अधिवेशन छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होगा और इस अधिवेश के बाद कांग्रेस देश में कांग्रेस ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान शुरू करेगी। 

कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि, 'भारत जोड़ो यात्रा' की सफलता को देखते हुए अब कांग्रेस एक नया अभियान  ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ शुरू करेगी। इसका मकसद लोगों को पार्टी की नीतियों से जोड़ने और सरकार की गलत नीतियों के बारे में बताना है। 

उन्होंने कहा कि 'आज कांग्रेस संचालन समिति की बैठक में हमने दो बातों पर चर्चा की। पहला हमारी पार्टी का पूर्ण अधिवेशन होना है, जिसे हमने फरवरी के दूसरे पखवाड़े में आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह 3 दिवसीय सत्र होगा, जो रायपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित किया जाएगा।

केसी वेणुगोपाल ने कहा कि दूसरा, हमने भारत जोड़ो यात्रा के लिए भविष्य की कार्रवाई की समीक्षा की और चर्चा की। हमने 26 जनवरी से बड़े पैमाने पर 'हाथ से हाथ जोड़ो अभियान' चलाने का फैसला किया है। यह दो महीने तक चलने वाला लंबा अभियान होगा।










संबंधित समाचार