PM Modi On LoC: सैनिकों संग दिवाली मनाने भारत-पाक नियंत्रण रेखा पर पहुंचे PM मोदी, नौशेरा में शहीदों को दी श्रद्धांजलि, कही ये बातें

डीएन ब्यूरो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिवाली के खास मौके पर जम्मू-कश्मीर के नौशहरा सेक्टर में स्थित भारत-पाक नियंत्रण रेखा पर पहुंचे, जहां उन्होंने जवानों के साथ दिवाली मनाने के साथ ही शहीदों को श्रद्धाजंलि भी दी। पढ़िये पूरी रिपोर्ट

नौशहरा में सैनिकों को संबोधित करते पीएम मोदी
नौशहरा में सैनिकों को संबोधित करते पीएम मोदी


जम्मू: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिवाली मनाने के लिये देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे जवानों के बीच पहुंचे। पीएम मोदी जम्मू-कश्मीर के राजौरी में स्थित नौशेरा सेक्टर पहुंचे हैं, जहां वे जवानों के साथ दिवाली पर्व की खुशियां बांट रहे हैं। इसके मौके पर पीएम मोदी ने शहीदों को भी श्रद्धांजलि दी और एक कार्यक्रम को भी संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी को अपने बीच पाकर जवानों में खासा उत्साह भी देखने को मिला। पीएम मोदी सैन्य जवानों के साथ दिवाली पर्व की खुशियां बांटने के साथ ही दोपहर का भोज भी करेंगे।  

यहां पहुंचने पर जवानों ने भारत माता की जय के नारों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया। पिछले दो साल में प्रधानमंत्री राजोरी में दूसरी बार दिवाली मनाने पहुंचे हैं। पीएम सभी जवानों से बातचीत कर उनका हालचाल भी ले रहे हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री भी उत्साहित हैं और वहां मौजूद सैनिक भी उनकी उपस्थिति से खुश नजर आ रहे हैं।

इस मौके पर पीएम मोदी ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि जवान ही मेरा परिवार है। आज मैं अपने परिवार के बीच आया हूं। आपके सामर्थ्य से देश में शांति और सुरक्षा है। आपके पराक्रम की वजह से हमारे पर्वों में चार चांद लग जाते हैं। ये उनका वो परिवार है जिसके साथ उन्होंने अपनी हर दिवाली मनाई है। 

पीएम मोदी ने कहा कि यहां की मिट्टी का स्पर्श करते ही एक अलग ही भाव मेरे मन में आया। यहां का इतिहास भारत की शौर्यगाथा बताता है। यहां का वर्तमान वीरता का सबूत है। नौशेरा ने हर युद्ध का, हर षड्यंत्र का माकूल जवाब दिया है।

पीएम मोदी ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि आपके लिए सेना में आना एक नौकरी नहीं है। पहली तारीख को तनख्वाह आएगी, इसके लिए नहीं आए हैं आप। आपके लिए सेना में आना एक साधना है, जैसे कभी ऋषि-मुनि साधना करते थे, मैं आपके दिल के अंदर उस साधक का रूप देख रहा हूं। आप मां भारती की साधना कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पहले गुजरात के सीएम के तौर पर और फिर पीएम के रूप में उन्होंने हर दिवाली अपनी इस परिवार के साथ ही मनाई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ये जवान यहां पर सीमा पर डटे रहते हैं, इसी वजह से पूरा देश चैन की नींद सो पाता है। उन्होंने सभी जवानों को देश का सुरक्षा कवच बताया। उन्होंने जवानों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें वीरता का जीता-जागता उदाहरण भी बताया।

पीएम मोदी ने कहा कि पहले ऐसा सोचा जाता था कि हमे सुरक्षा के लिए सब कुछ विदेश से ही लेना है। नतीजा ये होता था कि जरूरत के समय हथियार आपा-धापी में खरीदे जाते थे। हमने इस परिपाटी को बदला। अब हम देश के भीतर ही हथियार बनाएंगे और खरीदेंगे। देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हम जुटे हुए हैं। आज हमारे देश में अर्जुन टैंक बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस आजादी के अमृत काल में हमारे सामने नए संकल्प और लक्ष्य हैं। आज का भारत अपनी शक्तियों और संसाधनों को लेकर मजबूत है। पीएम मोदी ने सेना में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी भी पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि अब एनडीए और दूसरे मिलिट्री स्कूलों में भी लड़कियों को पूरा मौका दिया जा रहा है।अब आर्मी में भी उनकी सक्रियता काफी ज्यादा बढ़ गई है। इस वजह से देश की सेना की पहचान पूरी दुनिया में और ज्यादा सशक्त हुई है।










संबंधित समाचार