UP Election: प्रियंका गांधी ने यूपी में सरकार बनाने की रणनीति का किया खुलासा, गठबंधन को लेकर किया ये नया ऐलान

डीएन ब्यूरो

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और पार्टी की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने की अपनी रणनीति का खुलासा कर दिया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

यूपी चुनाव को लेकर प्रियंका गांधी ने किया रणनीति का खुलासा (फाइल फोटो)
यूपी चुनाव को लेकर प्रियंका गांधी ने किया रणनीति का खुलासा (फाइल फोटो)


नई दिल्ली: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और पार्टी की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने की अपनी रणनीति का खुलासा कर दिया है। प्रियंका गांधी ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी को छोड़कर कांग्रेस पार्टी सभी पार्टियों के साथ गठबंधन के लिए तैयार है। प्रियंका गांधी का यह बयान बताता है कि यूपी में योगी को सत्ता से बेदखल करने के लिये सभी विरोधी दल चुनाव बाद एक साथ आ सकते हैं।

एक समाचार एजेंसी को दिये अपने इंटरव्यू में प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सत्ता से भाजपा को बेदखल करने के लिये कांग्रेस किसी भी गैर भाजपाई पार्टी से चुनाव बाद गंठबंधन करने को तैयार है। उत्तर प्रदेश की सियासत को लेकर प्रियंका गांधी का यह बयान बेहद अहम माना जा रहा है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिये कांग्रेस ने किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन का ऐलान नहीं किया है। कांग्रेस ने कल ही दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में यूपी चुनाव को लेकर अपना घोषणापत्र भी जारी किया, जिसे यूथ मैनिफेस्टो नाम दिया गया है। कांग्रेस का घोषणापत्र युवाओं को रोजगार और नौकरी देने और इसके लिये नीतिया बनाने पर केंद्रित है।

हालांकि अपने इस बयान में यूपी में पार्टी के सीएम फेस को लेकर कुछ भी साफ नहीं किया। प्रियंका गांधी ने सीएम फेस संबंधी सवाल पर अपने बयान से किनारा कर लिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी तय करेगी कि यूपी का सीएम कौन होगा। 










संबंधित समाचार