महराजगंज: मोबाइल टावर पर चढ़ी नाबालिग लड़की, पुलिस और ग्रामीणों के छूटे पसीने

डीएन संवाददाता

महराजगंज जिले में 15 साल की लड़की आज सुबह मोबाइल टॉवर पर चढ़ गयी। 160 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर लड़की को देख ग्रामीणों के हाथ-पांव फूल गये। देखते ही देखते हंगामा मच गया।



महराजगंज: निचलौल थाने के बाली गांव में आज सुबह भारी कोहराम मच गया। 15 साल की एक नाबालिग लड़की सुबह पहले ही 160 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गयी।

160 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर नाबालिग लड़की को चढ़े देख स्थानीय ग्रामीणों के हाथ-पांव फूल गये। लड़की का नाम कुसुम बताया जा रहा है।  

यह भी पढ़ें: महराजगंज: गाड़ी के कागज मांगने पर एजेंसी मैनेजर की गुंडई, ग्राहक को बनाया बंधक

 


बताया जा रहा है कि लड़की अपने पिता से प्राइवेट स्कूल में एडमिशन कराने की जिद कर रही थी, इसी बात से गुस्साई लड़की मोबाइल टावर पर जा चढ़ी।  कुसुम के बारे में ये भी बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है। यह मामला निचलौल थाने के बाली गांव का है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक लड़की काफी गरीब परिवार से ताल्लुक रखती है। लड़की के पिता ठेला चलाकर अपना गुजर बसर करते हैं।

लड़की के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना के बाद चारो तरफ हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गयी। इसके बाद पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिये लड़की से अपील की, कि वह टावर से उतर जाये लेकिन जिद पर अड़ी लड़की अपने जिद से टस से मस नही हुई। जिससे पुलिस के पसीने छूट गये कि कहीं वह ऊपर से छलांग न लगा दे।

यह भी पढ़ें: गोरखपुर: BRD अस्पताल में 48 घंटों में फिर 42 बच्चों की मौत

 

मौके की नजाकत को देखते हुए पुलिस ने फायर बिग्रेड की गाड़ी को भी बुला लिया है ताकि उसकी सीढ़ी का इस्तेमाल कर लड़की को सकुशल उतारा जाय। लड़की के मोबाइल टावर पर चढ़ने से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। हर कोई भयभीत नजऱ आ रहा है। खबर लिखे जाने तक नाबालिग लड़की को टावर से उतारने का प्रयास जारी था।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक लड़की इस बात से खफा थी कि उसके पिता उसका दाखिला अंग्रेजी प्राइवेट स्कूल में नही करा रहे थे।

 










संबंधित समाचार