लखनऊ: लूट के बाद गायब होने वाले शातिर चढ़े पुलिस के हत्थे, सरगना हुआ फरार

डीएन संवाददाता

कानपुर समेत तमाम शहरों में लूट की कई संगीन वारदातों को अंजाम देने वाले कुख्यात लुटेरों को राजधानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह गिरोह लूट के माल को ठिकाने लगाने की फिराक में था। गिरोह का सरगना मौके से फरार होकर बच निकलने में सफल रहा..

पुलिस के कब्जे में गिरफ्तार बदमाश
पुलिस के कब्जे में गिरफ्तार बदमाश


लखनऊ: राजधानी पुलिस ने शातिर अपराधियों के एक ऐसे गैंग का पर्दाफाश किया, जो लखनऊ से जाकर कानपुर शहर की फैक्ट्रियों, दुकानों, घरों में लूट की वारदातों को अंजाम देता था। कानपुर पुलिस भी इस गैंग को लंबे समय से तलाश थी। पुलिस ने इस गिरोह के दो अपराधियों को गिरफ्तार किया जबकि गिरोह का सरगना भागने में सफल रहा। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस को 2 अवैध तमंचे, कई कारतूस और भारी मात्रा में सोने चांदी के जेवरात भी मिले हैं।

इस गैंग के अपराध करने का तरीका दूसरे गिरोहों से काफी अलग था। इस गिरोह के कुख्यात लुटेरे लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद उस जनपद को छोड़ देते थे, जिससे स्थानीय पुलिस को इन्हें ढूंढने में काफी मशक्कत करनी पड़ती थी, जबकि यह गिरोह बेखौफ होकर अपने मंसूबों को दूसरे जिले में अंजाम देने में लगा रहता था।

 

गिरफ्तार बदमाशों से बरामद अवैध हथियार और लूट का सामान

 

अवैध असलाह के बूते पर वारदात

मामले की जानकारी देते हुए एसपी ट्रांसगोमती हरेंद्र कुमार ने बताया कि लूट करने वाले शातिर गैंग के 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिनके नाम ऋषभ गुप्ता और इरशाद हैं। जबकि गिरोह का सरगना मोहित कनौजिया मौके से फरार हो गया।

एसपी ट्रांस गोमती हरेंद्र कुमार ने बताया कि गैंग के 2 आरोपियों को पुलिस ने तब गिरफ्तार किया जब यह लूटे गए माल को बेचने के लिए बाराबंकी जा रहे थे। पुलिस लूट का माल खरीदने वाले शख्स की भी तलाश में जुटी है। पुलिस का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि इस गिरोह ने अब तक कितनी लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है। 

गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ राजधानी लखनऊ के इंदिरा नगर, तालकटोरा आदि थानो में पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर करने में जुटी है।










संबंधित समाचार