यूपी चुनाव: लखनऊ में साइकिल पर सवार हुए दूसरे पार्टियों से आये कई दिग्गज नेता, अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा में शामिल

डीएन ब्यूरो

उत्तर प्रदेश चुनाव में जाने के लिये साइकिल पर सवार होने वाले नेताओं की संख्या बढ़ती जा रही है। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में आज कई दिग्गज नेताओं ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट



लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में साइकिल की सवारी करने वाले नेताओं की तादाद बढ़ती जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में आज दूसरे पार्टी से आये कई दिग्गज नेता समाजवादी पार्टी में शामिल हो गये। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम अचल राजभर, लालजी वर्मा, विधानमंडल नेता बसपा समेत बङी संख्या में दूसरे दलों से आये नेताओं ने सोमवार को समाजवादी पार्टी की सदस्यता ले ली। इसके साथ सभी नेताओं ने अखिलेश की मौजूदगी में 2022 में यूपी में सपा सरकार बनाने का संकल्प लिया। 

इस मौके पर एक प्रेस कांफ्रेंस में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल हो रही है। पेट्रोल-डीजल की बढती हुई मंहगाई, किसानों की आय दोगुना करने के सरकार के वायदे पर कटाक्ष करते हुये अखिलेश यादव ने कहा कि जब इंटरनेशनल मार्केट मे पेट्रोलियम पदार्थों के दाम कम होते हैं, तब भी हमारे देश मे पेट्रोल-डीजल के दाम महंगे रहते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर बढा हुआ दाम किसकी जेब में जा रहा है। भाजपा को बताना चाहिये।

आदिम समाज पार्टी का भी सपा को समर्थन 

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में डिप्टी सीएम, सीएम पर कई आरोप लग रहे हैं। पुलिस अफसर दूसरे अफसर पर रिश्वत का आरोप लगा रहें हैं। ऐसी सरकार आज तक नहीं देखी।

उन्होंने कहा कि साइकिल से सरकार को परेशानी है। क्योंकि इसमे पेट्रोल की जरूरत नही पड़ती तो इससे सरकार को टैक्स का नुकसान होगा। सरसों तेल के बढे हुये दाम पर उन्होंने कहा कि सरसों का तेल मंहगा होने पर मिलावट न होने के तर्क दिये जा रहे हैं। क्या जनता को शुद्ध सरसों तेल सस्ता नही मिल सकता।

अखिलेश यादव ने कहा कि पंजाब, यूपी विधानसभा चुनाव के पहले तीनों कृषि कानून रद्द किये जा सकते हैं। चुनाव बाद फिर से लागू कर दिया जायेगा। सपा अध्यक्ष ने कहा कि जिन उद्योगपतियों ने कृषि कानून लागू होने के बाद अपना पैसा लगाया है, उनके पैसे के लिये सरकार की भी जिम्मेदारी है। ऐसे सरकार फिर से कृषि कानून बहाल कर सकती है।

यूपी की जनता को चेताते हुये अखिलेश ने कहा कि इस बार जनता सचेत रहे, किसी बहकावे में न आये। सपा को मजबूत कर 4 सौ सीटें जिताकर सपा सरकार बनायें।
इस मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बसपा राम अचल राजभर,लालजी वर्मा, नेता पूर्व विधानमंडल दल बसपा समेत बस्ती, गोरखपुर से आये भाजपा नेताओं ने भी सपा की सदस्यता ली। आदिम समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हंसराज कौल ने भी चुनाव में सपा को पूरा समर्थन देने का ऐलान किया।










संबंधित समाचार