लखनऊ: अगले लोकसभा चुनाव में यूपी की सभी 80 सीटों पर लड़ेगी जेडीयू

डीएन ब्यूरो

आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों की नजर देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश पर जमनी शुरू हो गयी है। जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष आरपी चौधरी ने सभी 80 सीटों पर उनकी पार्टी द्वारा चुनाव लड़ने का ऐलान किया गया।



लखनऊ: जदयू प्रदेश अध्यक्ष आरपी चौधरी ने यूपी की सभी 80 लोकसभा सीटों पर 2019 के आम चुनावों में अपने उम्मीदवारों के उतारने का ऐलान किया है। यह ऐलान भाजपा और जदयू गठबंधन के बीच किसी बड़े सियासी उठापटक का कारण भी बन सकते है।

चौधरी ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि आज वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश चंद्र सिन्हा ने अपने 100 समर्थकों के साथ पार्टी ज्वाइन की है। अब पार्टी का जनाधार उत्तर प्रदेश में बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में न्याय और व्यवस्था के लिए बनाई गई नीतियों के प्रति जनता का पार्टी पर भरोसा बढ़ा है। इसके अलावा बिहार में पूरी तरीके से शराबबंदी, दहेज बंदी, नारी सशक्तिकरण से प्रभावित होकर उत्तर प्रदेश के लोगों को लग रहा है की इस तरह की व्यवस्था यहां भी होनी चाहिए और इसलिये अब लोग पार्टी से जुड़ना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि यूपी में बढ़ते जनाधार को देखते हुए पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव में 80 सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव के लिए जेडीयू पूरी तरह से रणनीति बना चुकी है। इसलिए चुनावी मैदान में खुलकर सभी सीटों से चुनाव लड़ने का काम पार्टी की तरफ से किया जाएगा । 

राजेश चंद्र सिन्हा बताया कि प्रदेश की योगी सरकार कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर पूरी तरह से विफल हो गयी है। सरकार को जिस मंशा से जनता ने सत्ता की बागडोर सौंपी थी। वह बिलकुल ख़त्म हो चुकी है। अब जनता भी इनका राज़ समझ चुकी है।


 










संबंधित समाचार