यूपी के इन 16 जिलों में लगातार मंडरा रहा बाढ़ का खतरा, कई नदियां उफान पर, दर्जनों गांवों का संपर्क कटा

डीएन संवाददाता

उत्तराखंड समेत कई क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ का खतरा लगातार मंडराता जा रहा है। कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट

यूपी के कई गांवों में बाढ़ का खतरा
यूपी के कई गांवों में बाढ़ का खतरा


लखनऊ: मॉनसूनी बारिश की वजह से उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा लगातार गहराता जा रहा है। कहर बनकर बरस रही बारिश के कारण यूपी में कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और लगातार तबाही की चेतावनी दे रही है। इसके अलावा उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश का असर भी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। नेपाल की बाढ़ और वहां के नदियों के पानी ने भी उत्तर प्रदेश के कई जिलों को खतरे में डाल दिया है। यूपी के 16 जिलों में इस समय बाढ़ का खतरा बढ़ता जा रहा है। नदियों के लगातार जलस्तर ने प्रशासन की चिंताएं बढ़ा दी हैं।

भारी बारिश के चलते उत्तर प्रदेश में जिन 16 जिलों में इस समय बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, उन जनपदों में लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, बहराइच, बलरामपुर, पीलीभीत, श्रावस्ती, सीतापुर, सिद्धार्थनगर, बिजनौर, देवरिया, बस्ती, गोंडा, बलिया और मऊ शामिल है। इन सभी जिलों के अधिकारियों को बाढ़ को लेकर तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। 

यहां कुछ नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के आसपास है। प्रशासन अलर्ट है और सुरक्षा व बचाव के तमाम इंतजाम किये जा रहे हैं। बाढ़ को लेकर इन जिलों में एडवाइजरी भी जारी की गई है। एहतियात के तौर पर 26 नाव, 58 मेडिकल टीम भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगायी गई हैं।

उत्तर प्रदेश में शारदा, घाघरा, राप्ती जैसी नदियां उफान पर है। लखीमपुर खीरी के शारदा नदी में उफान के कारण लगभग 100 गावों पर बाढ़ का खतरा मंजरा रहा है। बाढ़ के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ प्रभावित जिलों में सर्च और रेस्क्यू के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी की 42 टीमें तैनात करने का आदेश दिया है। इसके अलावा 222 बाढ़ चौकी भी स्थापित की गई हैं।

शारदा नदी में उफान के कारण कई गांवों का संपर्क खत्म होने के कगार पर है। लोगों को अपने घर तक पहुंचने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। गांव में कहीं पानी 4 फीट के गहराई पर है तो कहीं 10 फीट गहरा। गांव वालों का सारा काम ठप पड़ा है, खेती तबाह हो गई है, लोग घरों में कैद हैं।

नेपाल का पानी यूपी के बाराबंकी समेत पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में भयानक परेशानी का सबब बन गया है। बाराबंकी में सरयू का जलस्तर इस कदर बढ़ा कि आस पास के करीब दो दर्जन गांवों पर कटान का खतरा मंडराने लगा है। जितनी तेजी से कटान बढ़ रहा है उतनी ही तेजी से गांव वालों के दिलों में दहशत भी भर रही है। यही वजह है कि लोग बाढ़ के डर से पलायन कर रहे हैं। 










संबंधित समाचार