Gorakhpur Flood: गोरखपुर में बाढ़ का तांडव जारी, शहर समेत सैकड़ों गांवों में घुसा पानी, नदियां उफान पर, लाखों लोग प्रभावित

डीएन ब्यूरो

नेपाल समेत पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण गोरखपुर मंडल समेत आसपास के इलाकों में बहने वाली नदियां उफान पर है, जिस कारण पूरे मंडल के सैकड़ों गांवों में पानी घुस गया है और लोग बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित है। पूरी रिपोर्ट

बाढ़ ने बढ़ाई लोगों की मुसीबतें
बाढ़ ने बढ़ाई लोगों की मुसीबतें


गोरखपुर: भारी बारिश के चलते उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मंडल और आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ भारी तांडव मचा रही है। राप्ती, रोहिन, घाघरा और सरयू नदी में भारी उफान है। कुछ नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाढ के कारण सैकड़ों गांवों में पानी घुसने के कारण लाखों लोग बुरी तरह प्रभावित हैं। गोरखपुर के उत्तरी, पश्चिमी और दक्षिणी क्षेत्रों के ग्रामीण इलाके बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। हालांकि प्रशासन द्वारा कई इलाकों में राहत और बचाव का काम भी किया जा रहा है लेकिन बाढ़ के कहर के सामने सभी राहत कार्य फिलहाल कम पड़ते नजर आ रहे हैं। गोरखपुर के आलावा इससे लगा महराजगंज जनपद समेत अन्य जिले भी बाढ़ का कहर से जूझ रहे हैं। 

गोरखपुर इलाहीबाग में रेग्युलेटर से रिसकर राप्ती नदी का पानी गुरूवार को शहर में पहुंच गया है, जिससे पहले से ही परेशान लोगों के सामने नया संकट पैदा हो गया है। रिसाव बढ़ने से आम नागरिकों में अफरातफरी मच गई है। प्रशासन पानी के रिसाव को रोकने के प्रयास में जुटा हुआ है। यदि रिसाव पर कंट्रोल नहीं किया गया तो शहरवासियों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ सकता है।

गोरखपुर-बस्ती मंडल में बाढ़ से हालात भयावह हो गए हैं। गोरखपुर में दर्जनों स्थानों पर बंधों में रिसाव की खबरें हैं, बड़ी आबादी भारी संकट में है। नदियों में उफान के कारण गोरखपुर-वाराणसी मार्ग कई स्थानों पर जलमग्न हो गया है। यहां प्रशासन ने बड़े वाहनों का आवागमन रोक दिया है। गाड़ियां डायवर्ट की जा रही हैं।

मंडल के सिद्धार्थनगर, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, संतकबीरनगर और बस्ती जनपद में भी नदियों का विकराल प्रवाह है। सैकड़ों गांव पानी से घिरे हैं और लाखों की आबादी संकट से जूझ रही है। नावों के सहारे आवागमन हो रहा है। राहत और बचाव कार्य जारी है।

गोरखपुर के जिला आपदा विशेषज्ञ गौतम गुप्‍ता का कहना है कि नदियों में उफान के कारण बाढ़ का खतरा बढ़ता जा रहा है। पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश के कारण नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। तटबंधों की लगातार निगरानी और मरम्‍मत कराई जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य जारी हैं। 

ताजा आंकड़ों के अनुसार अकेले गोरखपुर में लगभग 200 गांव बाढ़ से घिरे हुए हैं और लगभग दो लाख आबादी  प्रभावित है। सदर के 125, कैंपियरगंज में 15, सहजनवां में 18, चौरीचौरा में 20, गोला में 50, बांसगांव में 20, खजनी में 19 गांव बाढ़ से घिर गए हैं।










संबंधित समाचार