लखनऊः बनियाखेड़ा और कटौली गांव में मृतक व घायलों के परिजनों से मिले पूर्व सीएम अखिलेश यादव

डीएन संवाददाता

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बनियाखेड़ा और कटौली गांव में डकैती की घटना के दौरान मृतक के परिजनो समेत अन्य पीड़ित परिवारों के घर जाकर मुलाकात की और उन्हें हर मदद का भरोसा दिया।

मृतक के परिजनों से मिलते पूर्व सीएम अखिलेश यादव
मृतक के परिजनों से मिलते पूर्व सीएम अखिलेश यादव


लखनऊः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बनियाखेड़ा और कटौली गांव में जाकर गत दिने डकैती की घटना में मृतक के परिजनों से मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने इस घटना से पीड़ित अन्य परिवारों के घर जाकर सांत्वना भी दी है। अखिलेश ने कटौली गांव के प्रधान हरिशंकर यादव के बेटे की हत्या पर गहरा शोक प्रकट किया और उन्हें हर मदद देने का आश्वासन दिया।

हर सम्भव मदद देने का भरोसा

अखिलेश यादव ने बनियाखेड़ा गांव में घायलों से भी मुलाकात कर उन्हें हर सम्भव मदद देने का भरोसा दिया। उन्होंने सरकार से डकैती में जान-माल से हुए नुकसान की भरपाई एवं पीड़ित परिवारों को नौकरी के साथ सुरक्षा के लिए शस्त्र लाईसेंस देने की मांग की है। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों को जेल नहीं होती तब तक गांव में सुरक्षा के लिए पुलिस की व्यवस्था की जाए। 

पुलिस अधिकारियों ने नहीं किया अपने कर्तव्य का पालन

थाना काकोरी में जघन्य वारदात की घटना में एक व्यक्ति की हत्या और दर्जनों लोगों के घायल होने की घटना के बारे में अखिलेश ने कहा कि दोषी पुलिस अधिकारियों ने अपने कर्तव्य का पालन नहीं किया। डकैती की घटनाओं में लगातार हो रही वृद्धि पर सरकार का अभी तक कोई जवाबदेही न तय करना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस घटना के लिए भाजपा सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकती।

 

मीडिया से बात करते अखिलेश यादव

 

सरकार जनता की सुरक्षा करने में विफल

इस मौके पर उन्होंने भाजपा सरकार भी निशाना साधा और जनता को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार सही तरीके से काम नहीं कर रही है। वर्तमान में राजनैतिक नेतृत्व से सामाजिक व्यवस्था को खतरा है। यह सरकार जनता की सुरक्षा करने में विफल है। उत्तर प्रदेश में निवेश कैसे हो सकता है जबकि यहां असुरक्षा का वातावरण व्याप्त हैं। कोई उद्योगपति अपनी जान-माल की सुरक्षा की गारंटी के बगैर उत्तर प्रदेश में क्यों आना चाहेगा?

भाजपा ने अच्छी खासी व्यवस्था को बर्बाद किया

उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिये यूपी डायल 100 का गठन समाजवादी सरकार में किया गया था। भाजपा ने अच्छी खासी व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। जो सरकार जनता को खुशहाल न बना सके ऐसे नेतृत्व से समाज को खतरा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन और राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे। घटना स्थल पर पूर्व मंत्री रविदास मेहरोत्रा, आर के चौधरी,  पूर्व सांसद सुशीला सरोज, एमएलसीगण सुनील यादव साजन और राजेश यादव राजू भी उपस्थित मौजूद रहे।                         
 










संबंधित समाचार