Uttar Pradesh: पूर्व पीएम वाजपेयी के करीबी रहे पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह का निधन, कोरोना के कारण पत्नी की हाल में हुई थी मौत

डीएन ब्यूरो

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के करीबी माने जाने वाले पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह का निधन हो गया। कोरोना संक्रमण के कारण उनकी पत्नी सरोज का भी कुछ दिन पहले ही देहांत हो गया था। डाइनामाइट न्यूज रिपोर्ट

सत्यदेव सिंह, पूर्व सांसद (फाइल फोटो)
सत्यदेव सिंह, पूर्व सांसद (फाइल फोटो)


लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठतम नेताओं में शुमार और पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के बेहद करीबी माने जाने गोंडा के पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह का निधन हो गया है। अस्वस्थ होने के कारण वे मेदांता अस्पताल में भर्ती थे, जहां बुधवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली। सत्यदेव सिंह कई राष्ट्रीय पदों पर रह चुके हैं। उनके निधन की खबर मिलते ही देवीपाटन मंडल में शोक छा गया है।

सत्यदेव सिंह की पत्नी और जिला पंचायत अध्यक्ष सरोज रानी सिंह का भी बीते दिनों लखनऊ में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण निधन हो गया था। बताया जाता है कि पत्नी के निधन के बाद से सत्यदेव सिंह गहरे सदमे में थे।

सत्यदेव सिंह बलरामपुर सीट से सांसद रहे। यह सीट पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की विरासत के रूप में जानी जाती है। वह भाजपा की केंद्रीय अनुशासन समिति के सदस्य भी रहे। सत्यदेव सिंह अटल बिहारी वाजपेयी, आरएसएस और भाजपा के कई बड़े नेताओं के करीबी थे।

कोरोना से संक्रमित होने के कारण सत्यदेव सिंह को लखनऊ के संजय गांधी पीजीआइ में भर्ती कराया गया था लेकिन हालत बिगड़ने पर उनको गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया था जहां बीती रात हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर शोक प्रकट किया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया है कि पूर्व सांसद एवं भाजपा के समर्पित नेता श्री सत्यदेव सिंह जी का निधन अत्यंत दु:खद है। उनके निधन से पार्टी ने विचारधारा के प्रति एक समर्पित नेता को खोया है। प्रभु श्री राम से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करता हूं।










संबंधित समाचार