UP Zila Panchayat Polls Result: यूपी जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में BJP ने लहराया परचम, 75 में से 67 सीटों पर कब्जा, जानिये कौन कहां से हारा-जीता

डीएन ब्यूरो

उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव का सेमीफाइन माने जा रहे जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी ने अपना परचम लहरा दिया है। पढिये डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट



लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधान सबा चुनाव के लिये सेमीफाइनल के रूप में देखे जा रहे जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी ने अपना परचम लहरा दिया है। राज्य में कुल 75 जिलों के जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर भाजपा का अब तक 65 सीटों पर कब्जा होता हुआ दिख रहा है। कुछ इक्का-दुक्का सीटों के पर चुनाव परिणाम का औपचारिक ऐलान होना बाकी है। लेकिन अब तक मिले परिणाम और रूझान में भाजपा 65 सीटों पर जीत दर्ज की है। इनमें भाजपा के वे 22 प्रत्याशी भी शामिल हैं, जिनकों पहले ही निर्विरोध निर्वाचित किया जा चुका है।

आज उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष की 53 सीटों पर मतदान हुआ। मतगणना के बाद भाजपा ने यूपी में एकतरफा जीत हासिल की है। पहले 53 में 45 सीटों पर भाजपा और सपा के बीच सीधी मुकाबला माना जा रहा था लेकिन चुनाव परिणाम सामने आने पर भाजपा ने जबरदस्त जीत हासिल की। इस चुनाव पर अखिलेश यादव ने ट्विटर पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा “क्या भाजपा गुंडई के दम पर जीतना चाहती है?, क्या भाजपा पैसे के दम पर जीतना चाहती है? क्या भाजपा सरकारी मशीनरी के दम पर जीतना चाहती है?” 

बुलेंदखंड की सभी सीटों पर बीजेपी ने क्लीन स्वीप किया है। राजधानी लखनऊ में बीजेपी ने जीत दर्ज की। जौनपुर में बाहुबली बसपा के पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला सिंह को जीत मिली है। श्रीकला सिंह को अपना दल एस ने अंतिम समय में समर्थन दिया।

गोरखपुर-बस्ती मंडल की सात जिला पंचायत अध्यक्ष की सीटों में छह पर भाजपा का कब्जा हो गया है। यहां केवल संतकबीरनगर में सपा के बलिराम यादव अध्यक्ष पद पर जीते हैं। बस्ती में भाजपा के संजय चौधरी, महराजगंज में भाजपा के रविकांत पटेल, देवरिया में भाजपा के गिरीश चंद्र तिवारी, सिद्धार्थनगर में भाजपा की शीतल सिंह व कुशीनगर में भाजपा की सावित्री देवी अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित घोषित की गईं हैं। गोरखपुर में भाजपा की साधना सिंह पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी हैं।

गोरखपुर मंडल के महराजगंज जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के बाद जिलाधिकारी डा. उज्जवल कुमार ने डाइनामाइट न्यूज पर जिला पंचायत अध्यक्ष पद के विजेता की घोषणा की। महराजगंज में भाजपा प्रत्याशी रविकांत पटेल जिला पंचायत अध्यक्ष के लिये निर्वाचित हुए। 

फतेहपुर जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अभय प्रताप सिंह 41 मत पाकर विजयी घोषित हुए हैं। सपा प्रत्याशी संगीत राज को 5 वोट मिले हैं। हमीरपुर में 17 जिला पंचायत सदस्यों में भाजपा की जयंती राजपूत को 11 और निषाद पार्टी के दुष्यंत सिंह परिहार को 6 वोट मिले। भाजपा की जयंती राजपूत अध्यक्ष बनीं।

एटा में समाजवादी पार्टी की जिला पंचायत अध्यक्ष पद की प्रत्याक्षी रेखा यादव ने अपनी प्रतिद्वंदी बीजेपी की विनीता यादव से 20 मतों हराया।  यहां 2 मत निरस्त हुए। कासगंज में भाजपा समर्थित रतनेश कश्यप विजयी घोषित हुए। हाथरस और बदायूं में बीजेपी की जीत हुई है। 

संतकबीरनगर में सपा प्रत्याशी बलिराम यादव चुनाव जीते। सपा प्रत्याशी बलिराम यादव को 18 मत मिले। जबकि भाजपा प्रत्याशी कृष्ण कुमार चौरसिया को 12 मत मिले। 

बस्ती में भाजपा के संजय चौधरी जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव जीत गए हैं। उन्हें 39 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सपा के उम्मीदवार वीरेंद्र चौधरी को महज चार वोट मिले हैं। 

बलिया में पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी के बेटे सपा उम्मीदवार आंनद चौधरी 33 वोट पाकर विजयी घोषित हए हैं। भाजपा उम्मीदवार को 24 वोट मिले हैं। आजमगढ़ में सपा के विजय यादव जीत गए हैं। 

चंदौली में भाजपा के दीनानाथ शर्मा ने जीत दर्ज की है। भदोही में भाजपा समर्थित अनिरुद्ध त्रिपाठी ने जीत का परचम लहराया है। फिरोजाबाद से पूर्व मंत्री जयवीर सिंह की पुत्रवधू और भाजपा प्रत्याशी हर्षिता सिंह जीत गई हैं। यहां 33 सदस्यों में से भाजपा को 19 वोट मिले। समाजवादी पार्टी की रुचि यादव को 11 मत प्राप्त हुए हैं। जबकि 3 वोट निरस्त कर दिए गए हैं।

बागपत में रालोद की ममता ने जीत दर्ज की है। ममता को 12 वोट मिली हैं। जबकि भाजपा की बबली देवी को 7 वोट मिली। एक वोट कैंसिल हो गई। मुजफ्फरनगर में भाजपा के वीरपाल निरवाल ने जीत दर्ज की है। कुल 43 जिला पंचायत सदस्यों में से 34 में वोट डाले गए। 

अयोध्या जिला पंचायत सीट पर भाजपा प्रत्याशी रोली सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष बनी। रोली सिंह को 30 वोट मिले, जबकि सपा को केवल 10 वोट प्राप्त हुए। सपा के सदस्यों ने क्रॉस वोटिंग की। 

देवरिया जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी गिरीश चंद तिवारी ने 42 मत प्राप्त कर सपा प्रत्याशी शैलजा यादव को पराजित कर दिया। चुनाव में शैलजा यादव को ग्यारह मत प्राप्त हुए। तीन मत अवैध घोषित कर दिए गए।

कुशीनगर से भाजपा की सावित्री देवी जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर जीत गई हैं। उनको 61 में से 46 वोट मिले हैं। सावित्री देवी दूसरी बार अध्यक्ष चुनी गईं हैं। 
औरैया में भाजपा प्रत्याशी कमल ने जीत दर्ज की है। यहां 23 में से 22 वोट पड़े। भाजपा प्रत्याशी को 13 वोट मिले। वहीं समाजवादी प्रत्याशी रवि त्यागी को सिर्फ 9 वोट मिले। 

गाजीपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए भाजपा की सपना सिंह की जीत हुई है। सपना को कुल 47 वोट मिले और सपा की कुसुमलता को कुल 20 वोट मिले। सपा की 30 साल से कब्जे वाली सीट पर पहली बार भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष को बड़ी जीत मिली है।

हापुड़ से भाजपा प्रत्याशी रेखा नागर जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं हैं। रेखा नागर को 13 वोट प्राप्त हुए हैं। जबकि सपा प्रत्याशी रुचि यादव को मात्र 6 वोट ही मिल सके।

शामली में कांटे के मुकाबले में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी मधु विजयी रही। मधु को 10 वोट मिले हैं, जबकि सपा-रालोद प्रत्याशी अंजलि को 9 वोट मिले हैं। 

अलीगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर फिर भाजपा ने कब्जा किया है। भाजपा की विजय सिंह ने अपनी प्रतिद्वंदी सपा प्रत्याशी अर्चना यादव को पराजित कर विजयी हासिल की। 

कौशांबी जिले में भी भाजपा की कल्पना सोनकर निर्वाचित हुई हैं।  बिजनौर में भाजपा के साकेंद्र चौधरी जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव जीत गए हैं। साकेंद्र को 30 वोट मिले हैं, सपा-रालोद गठबंधन की चरणजीत कौर को 25 वोट प्राप्त हुए। 

बदायूं जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा की वर्षा यादव ने 28 वोट लेकर जीत हासिल की। वह पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव की पत्नी हैं। सपा प्रत्याशी सुनीता शाक्य को 23 वोट मिले हैं। 

रामपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित ख्यालीराम लोधी चुने गए हैं। रामपुर में 34 सदस्यों के वोट में, ख्यालीराम लोधी को 18 वोट मिले हैं। सपा समर्थित नसरीन जहां को 13 वोट प्राप्त हुए। एक वोट निरस्त हो गया, जबकि दो सदस्यों ने मतदान नहीं किया।

कांग्रेस का गढ़ रही अमेठी में भी कमल खिला है। यहां बीजेपी के टिकट पर जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में उतरे राजेश अग्रहरि विजयी रहे हैं। राजेश अग्रहरि को 36 में से 31 वोट मिले। प्रयागराज में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर बीजेपी प्रत्याशी डॉक्टर वीके सिंह ने सीधे मुकाबले में सपा की मालती यादव को 18 वोट के अंतर से हरा दिया।

लखीमपुर खीरी से बीजेपी उम्मीदवार ओम प्रकाश भार्गव विजयी रहे हैं। सोनभद्र में बीजेपी की गठबंधन सहयोगी अपना दल की राधिका पटेल को विजयश्री मिली है। अलीगढ़ में भी बीजेपी के उम्मीदवार को जीत मिली है। फिरोजाबाद के जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में सपा की रुचि सिंह यादव को बीजेपी की हर्षिता सिंह ने हरा दिया।










संबंधित समाचार