गोरखपुर में भाजपाइयों की गुंडई, डीएम कार्यालय पर नामांकन के दौरान सपा कार्यकर्ता को बुरी तरह पीटा

डीएन संवाददाता

सीएम योगी के गृह जनपद गोरखपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपाइयों ने जमकर गुंडई दिखाई और सपा कार्यकर्ता को पीट डाला। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट



गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृहजनपद गोरखपुर जिले में आज जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर गुंडई दिखाई। चुनाव में अपना दबदबा बनाये रखने के लिये भाजपायों ने डीएम कार्यालय पर पुलिस के सामने ही एक सपा कार्यकर्ता की जमकर पिटाई कर डाली। मारपीट के दौरान पुलिस भी पहले मूकदर्शक बनी रही। बाद में पुलिस ने बमुश्किल मामले को शांत कराया। 

भाजपा समर्थकों पर सपा प्रत्याशियों को कलेक्ट्रेट के मेन गेट पर रोकने का आरोप है, जिस कारण विवाद बढ़ा। विवाद के बाद भाजपाइयों द्वारा सपा के एक पूर्व सदस्य की भी जमकर पिटाई की गई।

जानकारी के मुताबिक आज दोहपर 1.30 बजे के आसपास सपा प्रत्याशी समेत चार लोग कलेक्ट्रेट स्थित नामांकन कक्ष की तरफ बढ़े लेकिन मुख्य गेट पर भाजपा समर्थकों ने इन सपा कार्यकर्ताओं को रोक लिया। इस दौरान वहां मौजूद  सिटी मजिस्ट्रेट अभिनव रंजन श्रीवास्तव भाजपा समर्थकों को गेट के पास से हटने के लिए समझाने में जुटे रहे। आरोप है कि भाजपाइयों ने आपा खो दिया और सपा कार्यकर्ता को लात घुसों से जमकर पीटा।

अक्सर हर वक्त छावनी में तब्दील रहने वाले जिलाधिकारी कार्यालय मे मौजूद पुलिस भी मारपीट की इस घटना के दौरान पहले मूकदर्शक बनी रही। भाजपा कार्यकर्ता पुलिस के सामने से ही सपा समर्थक को पीटते हुए कलेक्ट्रेट के अन्दर से गेट बाहर ले गए। बाद में मारपीट बढती देख पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य पारस यादव की  जमकर पिटाई कर दी। डर के मारे सपा प्रत्याशी और अन्य बाहर गेट पर खड़े रहे। वहीं आखिर में सपा जिलाध्यक्ष नगीना साहनी अपने प्रत्याशी के साथ लौट गए। पुलिस ने जैसे-तैसे मामले का निपटारा कराया।










संबंधित समाचार