Uttar Pradesh: सरकार संग जारी बातचीत के बीच किसानों और पुलिस में झड़प, दिल्ली आ रहे कई किसान हिरासत में

डीएन ब्यूरो

नये कृषि कानून के खिलाफ आंदोलकारी किसानों और सरकार के बीच बातचीत जारी है। इस बीच उत्तर प्रदेश से आंदोलन के लिये दिल्ली आ रहे कई किसानों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिये जाने की खबर है। डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट

यमुना एक्सप्रेसवे पर टकराये किसान और पुलिस
यमुना एक्सप्रेसवे पर टकराये किसान और पुलिस


नई दिल्ली: कृषि कानून के खिलाफ पिछले 9 दिनों से दिल्ली की विभिन्न सीमाओं पर आंदोलन के साथ डटे किसानों और सरकार के बीच आज दिल्ली के विज्ञान भवन में बातचीत चल रही है। इसी बीच उत्तर प्रदेश से दिल्ली आ रहे कुछ किसानों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिये जाने की खबर है। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच तीखी झड़प भी हुई।

जानकारी के अनुसार किसानों का एक समूह दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे से दिल्ली आ रहे थे। दिल्ली में किसानों को आने से रोकने के लिये यहां भी पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग लगाई गई है। बताया जाता है कि किसानों ने यहां लगी बैरिकेडिंग को हटाने का प्रय़ास किया। इस दौरान पुलिस द्वारा उन्हें रोका गया लेकिन दोनों के बीच तीखी झड़प हो गयी।

 किसानों के आंदोलन को समर्थन देने के लिये दिल्ली आ रहे इन किसानों के झड़प के बाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक ये किसान बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रय़ास कर रहे थे, जिसके चलते इन्हें हिरासत में लिया गया।

आंदोलन कर रहे किसानों की आज केंद्र सरकार से दिल्ली के विज्ञान भवन में बातचीत चल रही है। लेकिन अभी तक इस बातचीत के कोई ठोस और सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आये हैं। बातचीत जारी। किसानों का कहना है कि यदि आज भी बातचीत बेनतीजा रही तो वे संसद का घेराव करेंगे। 

केंद्र सरकार के नये कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर डटे किसानों का प्रदर्शन आज 10वें दिन में पहुंच गया है। इनमें पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के तमाम किसान, संगठन और उनके प्रतिनिधि शामिल हैं। दिल्ली बॉर्डर पर बढ़ती किसानों की संख्या को देखते हुए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये हैं। 










संबंधित समाचार