फतेहपुर: दहेज से तंग विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

डीएन संवाददाता

दहेज का अभिशाप न जाने कितनी ही महिलाओं को अपना शिकार बना चुका है। सरकार नित नए कठोर कानून बनाकर इसको रोकना चाह रहीं हैं, पर दहेज़ लोभियों को न तो कानून का डर है और न ही समाज का। फतेहपुर में फिर एक विवाहिता दहेज की शिकार बन गयी। पूरी खबर..

फाइल फोटो
फाइल फोटो


फतेहपुर: जिले के अशोथर थाना क्षेत्र के विधातीपुर गाँव में एक विवाहिता ने दहेज़ की मांग से तंग आकर फांसी लगा ली। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक विवाहिता के परिजनों ने लड़की के ससराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है।

फांसी लगाने वाली युवती की पहचान उमा देवी (24) के रूप में की गयी। फरीदपुर थाना थरियांव निवासी मृतका के पिता दिग्विजय सिंह यादव ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री उमा की शादी क़रीब 2 साल पहले अशोथर थाना क्षेत्र के विधातीपुर गाँव निवासी सोम सिंह यादव पुत्र गुलाब सिंह के साथ बड़े ही धूमधाम से की थी। शादी के तुरंत बाद से ही ससुराल वाले बेटी को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। ससुराल में बेटी पर अत्याचार होता रहता था, जब सहन न हुआ तो उसने फांसी लगा ली।

डाइनामाइट न्यूज़ को जानकारी देते हुए अशोथर थाने के प्रभारी कमलेश कुमार पाल ने बताया कि मृतका के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को ससुराल वालों ने ही मार डाला है। पुलिस ने मृतका के पति सोम सिंह यादव, ससुर गुलाब सिंह यादव, सास सुरजकली, ननद माधुरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। 
 










संबंधित समाचार