अखिलेश यादव ने कहा- कांग्रेस संग गठबंधन नहीं, सपा अकेले लड़ेगी निकाय चुनाव

डीएन ब्यूरो

दीपावली के मौके पर अपने गांव सैफई पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने निकाय चुनाव में गठबंधन को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर आज विराम लगा दिया है। सपा यूपी निकाय चुनाव में कांग्रेस संग गठबंधन नहीं करेगी।

 अखिलेश यादव
अखिलेश यादव


इटावा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के निकाय चुनावों में हमारी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेगी। समाजवादी पार्टी साइकिल के सिंबल पर राज्य में अकेले ही चुनाव लड़ेगी।

दीपावली के मौके पर अखिलेश अपने गांव सैफई पहुंचे। अखिलेश ने प्रदेश वासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में प्रात: 10 बजे से जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं भी सुनीं। करीब एक घंटे तक वे लोगों से मिलते रहे।

अखिलेश ने इस दौरान जहां निकाय चुनाव में गठबंधन को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर विराम लगाया वहीं उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर निशाना भी साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या में दीपावली मना रहे हैं। वह कहीं भी दीपावली मना सकते हैं। घर वाले घर पर भी दीपावली मनाते हैं और अब सुना है कि वह आगरा में भी दीपावली मनाएंगे।

योगी सरकार की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इटावा सफारी पार्क को चिडिय़ाघर में बदला जाना सही नहीं है। शेर और चिडिय़ा एक साथ कैसे रहेंगे। सैफई के क्रिकेट स्टेडियम व तरणताल में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं कराने की बात करते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए खेल मंत्रालय से बात करेंगे।


 










संबंधित समाचार