देश के प्रमुख आदिवासी नेता का निधन, चार बार पहुंचे लोक सभा, जानिये उनके बारे में

डीएन ब्यूरो

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद और छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष सोहन पोटाई का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

आदिवासी नेता सोहन पोटाई का निधन
आदिवासी नेता सोहन पोटाई का निधन


कांकेर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद और छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष सोहन पोटाई का बृहस्पतिवार को निधन हो गया।

गोंडवाना गोंड महासभा के प्रदेश अध्यक्ष और पोटाई के करीबी अकबर राम कोर्राम ने बताया कि 65 वर्षीय पोटाई पिछले छह-सात महीनों से गले से संबंधित बीमारी से पीड़ित थे। उन्होंने राजधानी रायपुर से लगभग 150 किलोमीटर दूर कांकेर शहर स्थित अपने निवास में सुबह करीब 10 बजे अंतिम सांस ली।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार कोर्राम ने बताया कि पोटाई को मंगलवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर से छुट्टी दे दी गई थी। इसके बाद वह अपने घर पर ही थे। उन्होंने बताया कि पोटाई के पार्थिव शरीर को कांकेर जिले में उनके पैतृक गांव बाबू डाबेना ले जाया जाएगा जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ में बस्तर क्षेत्र के प्रमुख आदिवासी नेता पोटाई भाजपा के टिकट पर कांकेर लोकसभा सीट से चार बार- 1998, 1999, 2004 और 2009 में सांसद चुने गए थे। 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्हें टिकट नहीं दिया गया था। कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण उन्हें 2016 में भाजपा से निलंबित कर दिया गया था।

पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और भाजपा के वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक ने पोटाई के निधन पर दुख जताया तथा उनके परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।










संबंधित समाचार