हिंदी
बदायूं: यूपी की बदायूं पुलिस ने बरेली सड़क हादसे में गूगल को नोटिस जारी किया है। पुलिस ने गूगल के अधिकारियों से सवाल पूछा है कि जिस पुल (ब्रिज) का रास्ता बंद था, पुल निर्माणाधीन था उसे गूगल मैप पर सुचारू कैसे दिखाया गया जिसके चलते तीन लोगों की जान चली गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार पुलिस ने गूगल मैप को ईमेल कर नोटिस भेजा है और जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया है। तहरीर में मैप पर गलत रास्ता दिखाने के लिए गूगल के क्षेत्रीय प्रबंधक के खिलाफ भी शिकायत की गई है।
हालांकि, पुलिस ने मुकदमे में गूगल या उसके किसी अधिकारी को नामजद नहीं किया है। विवेचना में कुछ नाम बढ़ाए जा सकते हैं। हादसे के छह दिन बाद पुलिस ने गूगल को नोटिस जारी किया है।
दरअसल 24 नवंबर को कार पर सवार होकर 3 लोग गूगल मैप के सहारे बरेली जा रहे थे, इसी दौरान उनकी कार एक अधूरे पुल (ब्रिज) पर चढ़ गई। चूंकि, ब्रिज आगे नहीं बना था इसलिए चलती कार ब्रिज से नीचे गिर गई। करीब 50 फीट ऊंचे से ब्रिज से गिरने के बाद कार सवार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। चकनाचूर कार से खून से लथपथ शवों को बाहर निकाला गया था।
हादसे की जांच में खुलासा
जांच में पता चला है कि गूगल मैप पर रास्ते की गलत जानकारी दी गई थी, इस कारण तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, गूगल मैप देखकर युवक कार दौड़ाए जा रहे थे। 700 मीटर के संपर्क मार्ग और 685 मीटर पुल पर चलने के बाद चालक ने अचानक देखा कि आगे पुल हवा में लटका है। जबतक उसने कार को रोकने का प्रयास किया, कार पुल से नीचे गिर गई।
पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में चार अभियंताओं के विरुद्ध प्राथमिकी में उल्लेख है कि गूगल मैप पर रास्ते की गलत जानकारी दी गई, इसलिए उसके क्षेत्रीय अधिकारी भी जिम्मेदार हैं।
बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश सिंह ने कहा कि गूगल मैप पर दिखाए गए गलत रास्ते के कारण यह हादसा हुआ। हमने गूगल से जवाब मांगा है कि बंद रास्ता सुचारू क्यों दिखाया गया।
गूगल से सात दिनों में जवाब देने को कहा है। जवाब मिलने के बाद अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
अगर 7 दिन में जबाब नही आता है तो उत्तर प्रदेश पुलिस गूगल के जिम्मेदार अधिकारी को ढूंढने में खुद सक्षम है।
Published : 2 December 2024, 11:19 AM IST
Topics : Badaun bareilly Bridge Accident Google HindiNews ManojTibrewalAakashDynamiteNews ManojTibrewalAakashJournalist police TrendingNews