दिल्ली में पुलिसकर्मियों पर हमले के लिए बार एवं रेस्तरां का मालिक और दो कर्मचारी गिरफ्तार

डीएन ब्यूरो

दिल्ली में एक बार एवं रेस्तरां में अवैध गतिविधियों का वीडियो बनाने वाले पुलिसकर्मियों पर हमला करने के लिए रेस्तरां के मालिक और दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

गिरफ्तार (फाइल)
गिरफ्तार (फाइल)


नई दिल्ली: दिल्ली में एक बार एवं रेस्तरां में अवैध गतिविधियों का वीडियो बनाने वाले पुलिसकर्मियों पर हमला करने के लिए रेस्तरां के मालिक और दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, हेड कांस्टेबल नवीन को शुक्रवार को सूचना मिली थी कि मंगोलपुरी में हरियाणा मैत्री भवन के पास 'यारों दा अड्डा' नामक बार एवं रेस्तरां में लड़कियों से अश्लील डांस कराया जा रहा है और हरियाणा की अवैध शराब परोसी जा रही है।

अधिकारियों ने कहा कि इसके बाद दो हेड कांस्टेबल को रेकी करने के लिए भेजा गया।

पुलिस उपायुक्त (बाहरी) हरेंद्र सिंह ने कहा कि जब नवीन एक वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था, तब रेस्तरां के एक कर्मचारी ने उसका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की, जिसके बाद उनके बीच झगड़ा हो गया।

डीसीपी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज देखने पर यह स्पष्ट था कि विवाद बिल को लेकर नहीं हुआ था, जैसा कि बार एवं रेस्तरां के मालिक ने दावा किया था। बल्कि रेस्तरां में पुलिसकर्मियों द्वारा वीडियो बनाने को लेकर विवाद हुआ था।

पुलिस ने कहा कि इस दौरान घायल हुए नवीन और नरेन्द्र का उपचार कराया गया। रेस्तरां के कर्मचारियों को भी कुछ चोट आईं, जिसके बाद उनका पीतमपुरा के भगवान महावीर अस्पताल में उपचार कराया गया।

पुलिस ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान रानी बाग के रहने वाले खुशीराम (46), शंकर लाल (22) और फारूक (22) के रूप में हुई है। राम बार का मालिक और पट्टाधारक है जबकि लाल और फारूक ‘वेटर’ के तौर पर काम करते हैं।

 










संबंधित समाचार