दिल्ली दंगों के दौरान हेड कांस्टेबल रतन लाल की हत्या के मामले में एक व्यक्ति गिरफ्तार

डीएन ब्यूरो

उत्तर-पूर्वी दिल्ली में साल 2020 में हुए दंगों के दौरान पुलिस हेड कांस्टेबल रतन लाल की हत्या में कथित रूप से शामिल 53 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

गिरफ्तार (फाइल)
गिरफ्तार (फाइल)


नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली में साल 2020 में हुए दंगों के दौरान पुलिस हेड कांस्टेबल रतन लाल की हत्या में कथित रूप से शामिल 53 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

करावल नगर के चांद बाग में रहने वाले आरोपी मोहम्मद अयाज को 17 जून को कर्नाटक में बेंगलुरू के निकट चिकबालापुर जिले के एक गांव से हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने कहा कि वह हत्या में शामिल मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम था। वह घटना के बाद तीन साल से फरार था और उसे इस मामले में भगोड़ा घोषित किया गया था।

आरोपी भवन निर्माण और संपत्ति की खरीद-फरोख्त का काम करता था। उसने अपने भाई खालिद के साथ चांद बाग में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ हुए प्रदर्शन में सक्रिय रूप से भाग लिया था।

विशेष पुलिस आयुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) एच. जी. एस. धालीवाल ने कहा कि जनवरी 2020 में आरोपी मोहम्मद अयाज ने अपने भाई खालिद और अन्य लोगों के साथ चांद बाग में शाहीन बाग प्रदर्शन की तर्ज पर सीएए-एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया था।

उन्होंने कहा, “दंगों के दौरान, 24 फरवरी, 2020 को चांद बाग विरोध स्थल पर भारी भीड़ जमा हुई और उसने मुख्य वजीराबाद रोड को अवरुद्ध करने का प्रयास किया। हालांकि, जब पुलिस टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपी, उसके भाई खालिद और अन्य दंगाइयों ने पथराव शुरू कर दिया।”

धालीवाल ने कहा, “उन्होंने पुलिस दल पर हमला कर दिया, जिससे दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल रतन लाल की मौत हो गई और कई अन्य पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को गंभीर चोटें आईं। इस संबंध में दयालपुर थाने में मामला दर्ज किया गया था, जिसकी जांच दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा कर रही है।”

 










संबंधित समाचार