एशियन गेम्स: जकार्ता में नीरज ने रचा इतिहास, जैवलिन थ्रो में दिलाया स्वर्ण

भारत के लिए जकार्ता में 18वें एशियन गेम्स का 9वां दिन ऐतिहासिक रहा। भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा ने जैवलिन थ्रो में इतिहास रचते हुए भारत की झोली में स्वर्ण पदक डाला। डाइनामाइट न्यूज़ की इस रिपोर्ट में जाने पदक तालिका में भारत कहां है..

Updated : 27 August 2018, 8:15 PM IST
google-preferred

जकार्ताः 18वें एशियन गेम्स के 9वें दिन भारत की झोली में एक और स्वर्ण पदक आया। वो भी भाला फेंक यानी जैवलिन थ्रो में। यह स्वर्ण पदक इसलिए भी भारत के लिए अहम है क्योंकि पहली बार भारत ने इस स्पर्धा में स्वर्ण जीता है। गांव खंडारा पानीपत, हरियाणा के 20 साल के एथलीट नीरज चोपड़ा ने ऐसा कारनामा कर एक नया इतिहास रच दिया है। नीरज ने 88.06 मीटर दूर भाला फेंककर भारत को 8वां स्वर्ण पदक दिलाया।

88.06 मीटर से भाला फेंक गोल्ड पर निशाना

इस स्पर्धा में चीन के लिउ किजेन ने 82.22 मीटर के साथ रजत और पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 80.75 मीटर भाला फेंक कर कांस्य पदक जीता। नीरज ने अपने पहले प्रयास में 83.46 मीटर भाला फेंका और तीसरे प्रयास में 88.06 मीटर भाला फेंककर स्वर्ण पदक पक्का किया। 

पीएम मोदी ने दी बधाई

जैवलिन थ्रो में मिली कामयाबी और एशियन गेम्स में इतिहास रचने वाले नीरज चोपड़ा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर के जरिए बधाई दी है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि जब नीरज फील्ड पर होते हैं तो उनसे बेस्ट की उम्मीद होती है। इस युवा एथलीट ने भाला फेंक में स्वर्ण जीतकर दुनिया में देश का मान बढ़ाया है। नीरज ने जो नया नैशनल रिकॉर्ड बनाया है इसके लिए उन्हें बहुत- बहुत बधाई।

पदक तालिका में भारत 

नीरज के स्वर्ण पदक जीतने के बाद अब भारत पदक तालिका में 9वें स्थान पर काबिज है। अब भारत ने 8 स्वर्ण, 13 रजत और 20 कांस्य पदकों के साथ कुल 41 पदक जीते है। वहीं एशियन गेम्स में शीर्ष पर अब भी चीन काबिज है। चीन ने अब तक 85 स्वर्ण, 62 रजत और 43 कांस्य पदकों के साथ कुल 190 पदक अपने नाम किए है।

कोरिया की झोली में104 पदक

वहीं बात अगर जापान की करें तो जापान पदक तालिका में दूसरे नंबर पर काबिज है। जापान ने आज 9वें दिन तक 43 स्वर्ण, 36 रजत और 56 कांस्य पदक जीते हैं इन पदकों के अब जापान के पास कुल 135 पदक हो गए हैं। वहीं पदक तालिका में उम्मीद के मुताबिक प्रर्दशन करते हुए रिपब्लिक ऑफ कोरिया तीसरे नंबर पर बना हुआ है कोरिया ने अब तक 28 स्वर्ण, 35 रजत और 41 कांस्य पदक जीते है, इन पदकों के साथ कोरिया की झोली में अब कुल 104 पदक गए हैं। 
 

Published : 
  • 27 August 2018, 8:15 PM IST

Related News

No related posts found.