Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से सीआईडी की पूछताछ जारी

आंध्र प्रदेश सीआईडी ने तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू से पूछताछ शुरू की, जिन्हें शनिवार को कौशल विकास निगम के कथित घोटाले में ‘प्रमुख साजिशकर्ता’ के तौर पर नामजद किया गया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 10 September 2023, 11:58 AM IST
google-preferred

अमरावती: आंध्र प्रदेश सीआईडी ने तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू से पूछताछ शुरू की, जिन्हें  कौशल विकास निगम के कथित घोटाले में 'प्रमुख साजिशकर्ता' के तौर पर नामजद किया गया है।

आरोप है कि इस कथित घोटाले से राज्य सरकार को 300 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार सूत्रों ने बताया कि नायडू को नांदयाल से सड़क मार्ग से विजयवाड़ा ले जाये जाने के बाद उनसे शनिवार देर रात यहां सीआईडी कार्यालय में पूछताछ जारी है। नायडू को नांदयाल में गिरफ्तार किया गया था।

नायडू को कथित धोखाधड़ी के सिलसिले में सुबह पुलिस के एक अभियान के बाद गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस अधिकारियों ने सभी सुविधाओं से लैस उनकी बस का दरवाजा खटखटाया, जिसमें वह सो रहे थे और उसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

आंध्र प्रदेश पुलिस ने बताया कि अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के दल ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को सुबह करीब छह बजे नंदयाल शहर के ज्ञानपुरम स्थित आर के मैरिज हॉल के बाहर से गिरफ्तार किया, जहां उनकी बस खड़ी थी।

नायडू को दिए गए नोटिस में सीआईडी ​​की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) के पुलिस उपाधीक्षक एम धनंजयुडु ने कहा, 'आपको सूचित किया जाता है कि आपको सुबह छह बजे नंदयाल शहर के ज्ञानपुरम स्थित मूलसागरम के आवास आर के फंक्शन हॉल से गिरफ्तार कर लिया गया है और यह एक गैर-जमानती अपराध है।'

नोटिस के मुताबिक, नायडू को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 120बी (आपराधिक साजिश), 420 (धोखाधड़ी) और 465 (जालसाजी) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।

नोटिस के अनुसार, आंध्र प्रदेश सीआईडी ​​ने पूर्व मुख्यमंत्री नायडू के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धाराएं भी लगाई हैं। अधिकारियों ने बताया कि नायडू को नोटिस दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 50 (1) (2) के तहत दिया गया है।

अनंतपुर जिले के रायडुरगाम में हाल में आयोजित एक बैठक में नायडू ने संकेत दिया था कि उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।

इस बीच, तेदेपा के आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर पुलिस द्वारा नायडू की बस से उन्हें गिरफ्तार करने के नाटकीय वीडियो साझा किए गए हैं। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि तेदेपा नेता पुलिस अधिकारियों से बहस कर रहे हैं।

कुरनूल जिले के बनागानापल्ली में ‘बाबू श्योरिटी-भविष्यथुकु गारंटी’ कार्यक्रम के तहत महिलाओं की एक सभा को संबोधित करने के बाद नायडू नंदयाल में अपनी बस में आराम कर रहे थे, तभी शनिवार तड़के पुलिस ने उन्हें जगाया।

पुलिस को नायडू को गिरफ्तार करने के लिए उनकी बस का दरवाजा खटखटाते हुए देखा गया। कुछ वीडियो में तेदेपा प्रमुख ‘मैरिज हॉल’ पर बैठे हुए अधिकारियों से बातचीत करते हुए नजर आए।

तेदेपा द्वारा नायडू की गिरफ्तारी से पहले पोस्ट किए गए एक वीडियो में पार्टी प्रमुख को पुलिस से प्राथमिकी की प्रति मांगते हुए देखा गया।

नायडू ने कहा, ‘‘आप प्राथमिकी में मेरा नाम दर्ज हुए बगैर या प्राथमिकी की प्रति उपलब्ध कराए बिना मुझे कैसे गिरफ्तार कर सकते हैं। आपको मुझे सभी जानकारी देनी होगी।’’

नायडू के पीछे बैठे एक अन्य तेदेपा नेता ने पुलिस से विपक्ष के नेता को गिरफ्तार करने का प्रथम दृष्टया कारण बताने की मांग की।

पुलिस अधिकारी ने 371 करोड़ रुपये की कथित अनियमितता से जुड़े कौशल विकास घोटाले के संदर्भ में कहा कि यह दो साल पुराना मामला है।

सरकार के सलाहकार एस रामकृष्ण रेड्डी ने मीडिया को बताया कि पुलिस को आर्थिक अपराध के मामलों में गिरफ्तारी से पहले नोटिस देने की आवश्यकता नहीं होती है। उन्होंने कहा कि अगर प्राथमिकी में आरोपी का नाम दर्ज नहीं है, तो भी नोटिस देने की आवश्यकता नहीं होती है।

Published : 
  • 10 September 2023, 11:58 AM IST

Related News

No related posts found.