इलाहाबाद: पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने सरेआम युवक की गोली मारकर हत्या की

डीएन संवाददाता

पुरानी रंजिश के कारण ताबड़तोड़ फायरिंग कर बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। सरेआम हुए इस गोलीकांड से क्षेत्र में दहशत मच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरी खबर..



इलाहाबाद: धूमनगंज थाना क्षेत्र के मुण्डेरा में पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों की फायरिंग के दौरान आस-पास के लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। सरेआम इस गोलीकांड से क्षेत्र में दहशत मच गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव व अन्य आलाधिकारियों ने फरार बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

बदमाशों की गोली के शिकार बने युवक की पहचान धूमनगंज के मुण्डेरा निवासी सोनू यादव (32) पुत्र गंगा प्रसाद उर्फ रग्घू यादव के रूप में की गयी। मृतक सोनू चार भाई और तीन बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मां प्रेमा यादव पार्षद का चुनाव भी लड़ी थी, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। सोनू यादव अपने पिता के काम में हाथ बंटाता था।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार की शाम सोनू के घर के बाहर पांच बदमाश पहुंचे और उन्होंने सोनू को आवाज दी। सोनू जैसे ही घर से बाहर निकला तो अपराधी उस पर गोली चलाने लगे। हालांकि वह जान बचाने की नियत से भागा, लेकिन अपराधियों ने ताबड़-तोड़ फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी। गोली मारे जाने की सूचना उसके परिजनों ने पुलिस को दी।

परिजनों का आरोप है कि पचास हजार के इनामी बदमाश गदऊ पासी के विरोधी गुट ने इस घटना को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि गदऊ पासी के साथ दस वर्ष पूर्व किसी आपराधिक मुकदमे में सोनू यादव एक बार जेल गया था। लेकिन जब उसकी शादी हुई तो उसके बाद से सोनू आपराधिक वारदातों से दूर हो गया और प्रापर्टी एवं पिता के कार्यो में सहयोग करने लगा था। सोनू के चार बच्चे हैं।

पुलिस अधीक्षक नगर बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर सोनू यादव की गोली मारकर शाम को हत्या कर दी गई। मृतक की बहन ने पांच अपराधियों को गोली मारकर भागते हुए देखा है। मामले की जांच जारी है। 
 










संबंधित समाचार