Encounter in UP: यूपी में एक लाख का इनामी बदमाश बदन सिंह साथी संग मुठभेड़ में ढेर, मांगी थी 5 करोड़ की फिरौती

डीएन ब्यूरो

उत्तर प्रदेश के कुख्यात एक लाख के इनामी बदमाश बदन सिंह और उसके साथी को यूपी पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। बदन सिंह ने सीनियर डॉक्टर से 5 करोड़ रूपये की फिरौती मांगी थी। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट

दस्यु केशव गुर्जर के लिए काम करता था बदन सिंह
दस्यु केशव गुर्जर के लिए काम करता था बदन सिंह


आगरा: सीनियर डॉक्टर उमाकांत गुप्ता के अपहरण में फरार चल रहे एक लाख के कुख्यात इनामी बदमाश बदन सिंह और उसके साथी अक्षय को पुलिस ने बीती रात जगनेर क्षेत्र में मुठभेड़ में ढेर कर दिया। मुठभेड़ के दौरान एसएसपी आगरा एवं एसपी वेस्ट व अन्य अधिकारियों की बुलेट प्रूफ जैकेट में भी गोली लगी। पुलिस की जबावी फायरिंग में घायल बदमाश बदन सिंह और उसके साथी को पहले सीएचसी खेरागढ़ व बाद में एसएन मेडिकल कालेज लाया गया था, जहां डॉकर्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बदन सिंह लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। वह दस्यु केशव गुर्जर के लिए काम करता था।

पुलिस मुठभेड़ में ढ़ेर धौलपुर के इनामी बदमाश बदन सिंह ने ट्रांसयमुना कॉलोनी निवासी सीनियर डॉ. उमाकांत गुप्ता के अपहरण की साजिश रची थी। उसकी साथी युवती संध्या उर्फ मंगला ने अंजलि बनकर डॉक्टर से बात की थी और नौकरी के बहाने डॉक्टर से मिली थी। इसके बाद वह डॉक्टर को अगवा कर ले गई थी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद डॉक्टर को बीहड़ से 31 घंटे बाद मुक्त करा लिया था। डॉक्टर के अपहरण का यह मामला तब सुर्खियों में रहा। बदन सिंह ने पूर्व में रोहता से ही दंत चिकित्सक निखिल का भी अपहरण किया था। 

जानकारी के मुताबिक दस्यु केशव गुर्जर के लिए काम करने वाले बदन सिंह की लोकेशन मंगलवार को बीहड़ में मिली, मगर वह हाथ नहीं आया। बुधवार रात को पुलिस को बदन सिंह गैंग के जगनेर में मूवमेंट की जानकारी हुई। एसएसपी मुनिराज जी,एसपी पश्चिम सत्यजीत गुप्ता पुलिस टीमों के साथ जगनेर क्षेत्र में पहुंच गए। बीती रात  डेढ़ बजे पुलिस की जगनेर क्षेत्र के कछपुरा में बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में बदन सिंह और उसके एक साथी को गोली लग गई। उसके घायल साथी की पहचान अक्षय राठौर के रूप में हुई है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। 

एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद के मुताबिक, दस्यु केशव गुर्जर का साथी रहा बदन सिंह मूलरूप से राजस्थान के जिला धौलपुर के गांव अब्दुलपुर कंचनपुर का रहने वाला था। इस समय सदर के नैनाना जाट में किराये पर मकान लेकर रह रहा था। यहा पर ही मंगला पाटीदार को भी अपने साथ रखे हुए था। वह आगरा से पहले भी अपहरण की वारदात कर चुका है। उसकी गिरफ्तारी के लिये कई टीमें लगी हुई थी। 










संबंधित समाचार