Gujarat: कौन बनेगा गुजरात का नया मुख्यमंत्री? रेस में सबसे आगे हैं ये नाम, होगी कुछ मंत्रियों की भी छुट्टी? जानिये ताजा अपडेट

मुख्यमंत्री पद से विजय रूपाणी के इस्तीफे के बाद गुजरात में सीएम के नए चेहरे की तलाश तेज हो गई है। गुजरात के नये मुख्यमंत्री को लेकर कई अटकलें लगाई जा रही है। सीएम के साथ ही कई मंत्री भी बदले जा सकते हैं। डाइनामाइट न्यूज की इस रिपोर्ट में पढ़िये ताजा अपडेट

Updated : 12 September 2021, 10:38 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: गुजरात के मुख्यमंत्री पद से विजय रूपाणी के इस्तीफा देने के बाद राज्य में सीएम के नए चेहरे की तलाश तेज हो गई है। गुजरात के नये सीएम की तलाश के लिये बीजेपी विधायक दल  की आज बैठक बुलाई गई है। इसके लिये दिल्ली से केंद्रीय पर्यवेक्षक गुजरात पहुंच चुका है। नये मुख्यमंत्री के लिये कई तरह की अटकलें लगाई जा रही है। ऐसी भी चर्चा है कि मुख्यमंत्री के साथ गुजरात में कई मंत्रियों को भी बदला जा सकता है और मुख्यमंत्री के लिये भाजपा किसी नये नाम व चेहरे को सामने लाकर बड़ा सरप्राइज दे सकती है।

गुजरात के नये सीएम की खोज के लिये भाजपा का केंद्रीय पर्यवेक्षक गुजरात पहुंच चुका है। केंद्रीय पर्यवेक्षकों में नरेंद्र सिंह तोमर और पार्टी के महासचिव तरुण चुग शामिल हैं। वे गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल के आवास पर पहुंच गये हैं। इस मौके तोमर ने कहा कि विजय रूपाणी के इस्तीफे के बाद कौन मुख्यमंत्री बनेगा ये विषय हमारे सामाने हैं। हम आज प्रदेश अध्यक्ष और अन्य लोगों से चर्चा करेंगे।

विजय रूपानी के इस्तीफे के बाद नए मुख्यमंत्री का चयन करने के लिए विधायक दल की बैठक में भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक भी शामिल होंगे। इसमें आज राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम का फैसला हो जाएगा।

 गुजरात का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसके लिए कई प्रमुख नाम रेस में चल रहे हैं। जो चेहरे इस रेस में शामिल हैं, उनमें डिप्टी सीएम नितिन पटेल, मनसुख मंडाविया, प्रफुल पटेल, गोरधन झड़फिया, पुरुषोत्तम रुपाला शामिल हैं। माना जा रहा है कि इनमें से किसी को भी मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है, हालांकि इसके लिये विधायक दल की बैठक में अंतिम मुहर लगनी जरूरी है।  

बता दें कि गुजरात विधानसभा चुनाव से लगभग सवा साल पहले मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कल अपना इस्तीफा राज्यपाल आचार्य देवव्रत को सौंप दिया था। गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा के लिये चुनाव दिसंबर 2022 में होने हैं।

Published : 
  • 12 September 2021, 10:38 AM IST

Advertisement
Advertisement