हिंदी
फतेहपुर: जिले के हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के कद्दावर नेता और यूपी के कृषि राज्य मंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी भैय्या ने डाइनामाइट न्यूज़ से एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में राज्य के कृषि और किसानों के विकास के लिये सरकार द्वारा किये जा रहे उपायों की जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा जबसे सत्ता संभाली गयी है, तभी से देश की कृषि को सेहतमंद बनाने के प्रयास किये जा रहे हैं।
प्राकृतिक खेती के होंगे कई फायदे
बतौर कृषि राज्य मंत्री यूपी के किसानों के लिये उनके द्वारा किये जा रहे प्रयासों पर बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ऑर्गेनिक (प्राकृतिक) खेती के जरिये किसानों की आय बढ़ाना चाहती है। उन्होंने कहा इस दिशा में उनके द्वारा कई तरह के प्रयास और प्रयोग भी किये गये, जिनके शानदार परिणाम सामने आये है।
गोमूत्र और गोबर से भी बढ़ेगी कृषि उपज
मंत्री ने कहा कि उन्होंने यह प्रयोग करते देखा है कि एक गाय के गोमूत्र और गोबर से 5 एकड़ की खेती शानदार तरीके से की जा सकती है। उन्होंने कहा कि इस आधार पर उन्होंने खुद ही 45 बीघे की खेती की, जिसके परिणाम काफी सकारात्मक मिले है। उनके इन प्रयोगों को कई वैज्ञानिकों ने देखा और सराहा भी है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार किसानों की आय और कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिये कई उपाय कर रही है लेकिन अब उनके सुझावों पर प्राकृतिक खेती, गोमूत्र और गोबर से भी कृषि उपज बढ़ाने के उपाय पर भी काम किया जायेगा। उन्होंने कह कि इस आधार पर खेती करने से खेत की उर्वरा शक्ति साल दर साल बढ़ती रहती है।
खेती की उत्पादकता औऱ किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस
उन्होंने कहा कि इसके अलावा प्राकतिक खेती से मृदा को भी सेहतमंद बनाने की योजना पर काम किया जायेगा। इस तरह से खेती की उत्पादकता को बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी सरकार हर हाल में किसानों की आय बढ़ाने पर काम कर रही है। इसके लिये कई योजनाएं चलाई जा रही है, जिसका किसानों को पूरा लाभ मल रहा है, जबकि राज्य में कुछ और योजनाएं इसके लिये शुरू की जाएंगी।
Published : 14 September 2018, 6:51 PM IST
Topics : ministries of Agriculture Ranvendra Pratap Singh उत्तर प्रदेश किसान कृषि राज्य मंत्री फतेहपुर रणवेन्द्र प्रताप सिंह विधानसभा हुसैनगंज
No related posts found.