देवरिया के बालिका गृह में भी लड़कियों के साथ कुकृत्य, एडीजी बोले- प्रकरण की जांच जारी

डीएन ब्यूरो

एक बहादुर लड़की की हिम्मत के कारण यूपी के देवरिया में भी बिहार के मुज्जफरपुर जैसे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ होने के बाद कई सवाल उठने लगे है। इस प्रकरण के सामने आने के बाद एडीजी ने कहा कि प्रकरण की समग्र जांच जारी है। पूरी खबर..

केंद्र से छुड़ाई गई लड़कियां
केंद्र से छुड़ाई गई लड़कियां


देवरिया/लखनऊ: देश को झकझोर कर रख देने वाले बिहार के मुज्जफरपुर में बालिका गृह में लड़कियों के साथ दुष्कर्म का मामला अभी थमा भी नहीं था कि यूपी के देवरिया से ऐसी ही एक और हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। देवरिया में भी एक सामाजिक संस्थान द्वारा संचालित बालिका गृह में 15-18 साल की लड़कियों के साथ कुकृत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने आनन-फानन में बालिका गृह से 42 में से 24 बच्चों व महिलाओं को मुक्त कराया और केंद्र को सील कर दिया। 18 बच्चे अभी भी बालिका गृह से गायब है। 

यह मामला तब सामने आया जब रविवार को बालिका गृह से भागी एक लड़की महिला थाने पहुंची औऱ थानाध्यक्ष को आपबीती बताई। जिसके बाद पुलिस केंद्र पर पहुंची और वहां से 24 बच्चों, महिलाओं को मुक्त कराया गया। जिस बालिका ने पुलिस के सामने इस मामले को उजागर करने की हिम्मत दिखाई उसकी मां की तीन साल पहले मौत हो गई थी। उसके पिता ने दूसरी शादी करने के बाद इस बहादुर लड़की को अपने घर से निकाल दिया था।

मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक रोहन पी कनय ने बताया कि बच्चों ने संस्था में रह रही 15 से 18 वर्ष की लड़कियों से अवैध कृत्य कराने की बात कही है। संस्था को सील कर दिया गया है। केंद्र की अधीक्षका, संचालिका गिरिजा त्रिपाठी, मोहन त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया गया है। केंद्र से अभी 18 बच्चे और लड़कियां गायब हैं। जांच के लिए सीओ सिटी और जिला प्रोबेशन अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस सबंध में एडीजी, आनंद कुमार (लॉ एंड आर्डर) ने कहा कि इस प्रकरण की समग्र जांच की जाएगी। फिलहाल जिला प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। बच्चों का महिला चिकित्सकों से मेडिकल कराया जाएगा। साथ ही 164 के बयान पाक्सो मजिस्ट्रेट के सामने कराए जाएंगे। दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी।










संबंधित समाचार