बलरामपुर: नेपाल से छोड़ा गया एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी, हाई अलर्ट जारी

डीएन संवाददाता

बलरामपुर में नेपाल से एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया, जिसकी वजह से जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

उफान पर नदी
उफान पर नदी


बलरामपुर: जिले में बाढ़ का खतरा देखते हुए जिला प्रशासन एलर्ट हो गया है। नेपाल राष्ट्र से शनिवार को एक लाख 32 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद अनुमान लगाया जा रहा है कि देर रात तक जिले में बाढ़ आ जाएगी। जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों और बाढ़ चैकियों को चैकन्ना रहने का निर्देश जारी किया गया।जिले में बाढ के खतरे को देखते हुए अधिकारियों के साथ-साथ ग्रामीणों को भी चैकन्ना रहने के निर्देश दिए गए है। हालात को देखते हुए पीएससी की एक और कंपनी जिले में बुलाई गई है, वहीं एनडीआरएफ टीम को भी अलर्ट किया गया है। राप्ती नदी के टूटे व जर्जर तटबंध बड़ी चिंता का विषय है।

बाढ़ के खतरे से निपटने के लिये तहसील प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किये गए हैं। सात बाढ़ चैकियों के माध्यम से तहसील के 131 बाढ़ प्रभावित ग्रामों में सहायता पहुंचाई जायेगी। बाढ़ की किसी भी प्रकार की सूचना तहसील में स्थापित कंट्रोल रूम में दी जा सकती है।

नेपाल द्वारा पानी छोड़े जाने के बाद राप्ती नदी के जलस्तर बढ़ने के साथ तहसील क्षेत्र में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। तहसील क्षेत्र में 131 ग्राम बाढ़ से प्रभावित है जिनमे से 55 ग्राम मोहनजोत फत्तेपुर, बभनपुर्वा, अलीपुर बुजुर्ग, कटरा, बारम, जुनका, जुनकी, रुस्तम नगर,परसौना, मलमालिया,आदि का संपर्क बाढ़ के समय तहसील मुख्यालय से टूट जाता है, जो अतिबाढ़ ग्रस्त की श्रेणी में है। 45 ग्राम मध्यम बाढ़ ग्रस्त व 31 ग्राम न्यूनतम बाढ़ ग्रस्त की श्रेणी में है।

बाढ़ से निपटने के लिये तहसील प्रशासन ने सात बाढ़ चैकियां विकास खंड श्रीदतगंज, राजकीय विद्यायल दारीचैरा, विकास खंड उतरौला, बीज गोदाम उतरौला, प्राइमरी पाठशाला हासिम पारा, जूनियर हाई स्कूल पुरैना बुलन्द व प्राइमरी पाठशाला बांक भावनीपुर बनाया गया है। इन बाढ़ चैकियों पर राजस्व, विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग व अन्य विभागों के कर्मी मौजूद रहेंगे। तहसील प्रशासन ने किसी प्रकार की सूचना कंट्रोल रूम के नम्बर 9454416061 तहसीलदार उतरौला रोहित मौर्य, 9454416056 उपजिलाधिकारी उतरौला, 8115742092 केजी त्रिपाठी नायब तहसीलदार को दी जा सकती है।










संबंधित समाचार