केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की राहुल गांधी को चिट्ठी, लिखा- बंद करें भारत जोड़ो यात्रा या करें इन नियमों का पालन, जानिये पूरा मामला

डीएन ब्यूरो

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होने राहुल गांधी से कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा रद्द करने की मांग की है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

मनसुख मांडविया, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री
मनसुख मांडविया, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री


नई दिल्ली: कांग्रेस इन दिनों कन्याकुमारी से कश्मीर तक के लिये भारत जोड़ो यात्रा का आयोजन कर रही है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी द्वारा यह यात्रा निकाली जा रही है। आजकल कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में जारी है। कांग्रेस की इसी यात्रा के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद को एक पत्र लिखा है। स्वास्थ्य मंत्री ने कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर राहुल गांधी से भारत जोड़ो यात्रा रद्द करने की मांग की है। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि राजस्थान में चल रही भारत जोड़ो यात्रा में कोरोना गाइडलाइंस का सख्ती से पालन किया जाए, अगर कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना संभव नहीं हो, भारत जोड़ो यात्रा को देशहित में स्थगित किया जाए।

स्वास्थ्य मंत्री ने राहुल गांधी को संबोधित पत्र में यह भी लिखा है कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मास्क, सैनेटाइजर का पूरा इस्तेमाल किया जाये और केवल कोविड वैक्सिनेटेड लोगों को ही यात्रा में शामिल होने की इजाजत दी जाये। यात्रा के पूर्व और पश्चात यात्रियों को आइसोलेट किया जाये। 

दरअसल, राजस्थान के सांसद पीपी चौधरी, निहाल चंद, देवजी पटेल ने स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया को पत्र लिखकर भारत जोड़ो यात्रा से फैल रही कोरोना महामारी के संबंध में चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने लिखा था कि देश में पिछले कुछ दिनों में कोरोना के मामलों में वृद्धि हुई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने उक्त पत्र और चीन समेत कई देशों में दोबारा तेजी से फैल रही कोरोना महामारी के मद्देनजर राहुल गांधी को यह पत्र लिखा है। 










संबंधित समाचार