'वर्तमान शिक्षा व्यवस्था: चुनौतियां व संभावनाओं' विषय पर संभाषण प्रतियोगिता, जानिये किसने मारी बाजी

डीएन संवाददाता

जवाहर लाल नेहरु पीजी कॉलेज महराजगंज में वर्तमान शिक्षा पर आ रही चुनौतियों पर चर्चा किया गया। जानिए डाइनामाइट न्यूज पर पूरी खबर

पीजी कॉलेज में प्रतियोगिता का आयोजन
पीजी कॉलेज में प्रतियोगिता का आयोजन


महराजगंज: जवाहर लाल नेहरू स्मारक पी जी कॉलेज में बी. एड. विभाग में "वर्तमान शिक्षा व्यवस्था: चुनौतियां व संभावनाएं" विषय पर वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार विषय प्रवर्तन करते हुए विभाग के डॉ. शैलेन्द्र कुमार उपाध्याय ने वर्तमान शिक्षा व्यवस्था का संक्षिप्त परिचय कराया। पक्ष में बोलने वाले प्रतिभागियों ने वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में सबके लिए बराबरी के अवसर सरकार द्वारा मिड डे मील, कायाकल्प, सर्व शिक्षा अभियान जैसे कार्यक्रमों का उल्लेख किया।

वर्तमान राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 ने अकादमिक विषयों के साथ साथ व्यावसायिक कार्यक्रमों का सूत्रपात कर दिया है जिससे भविष्य में शिक्षा प्रणाली पर्याप्त रोजगार और कौशलयुक्त होगी।

विपक्ष में बोलने वाले प्रतिभागियों ने वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में रटने की प्रवृति, ट्यूशन प्रवृत्ति, स्कूली शिक्षा का बढ़ता बोझ, महंगी शिक्षा, सरकारी स्कूलों पर समाज का खोता विश्वास आदि पर चिंता व्यक्त की।

वर्तमान शिक्षा व्यवस्था अकादमिक डि‌ग्री प्रधान ज्यादा है तथा इसमें व्यावसायिक कौशलों की बहुत कमी है जिसके कारण स्नातक परास्नातक की शिक्षा प्राप्त युवा भविष्य को लेकर बहुत सार्थक उम्मीद नहीं रख पाता है। सरकारें सब्सिडी बांटने में राजकोषीय व्यय का इतना ज्यादा अंश खर्च कर दे रही हैं कि आज तक सकल शैक्षिक व्यय जीडीपी के 6 प्रतिशत तक नहीं पहुंच पाया।

कुल 8 प्रतिभागियों ने अपने विचार रखे जिसमें 3 ने पक्ष तथा 5 ने विपक्ष में रखा। प्राचार्य डॉ अजय कुमार मिश्रा ने शिक्षा व्यवस्था में आमूल चूल परिवर्तन करने वाली राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के मूल में वर्तमान शिक्षा व्यवस्था की सभी चुनौतियों का समाधान करने की क्षमता पर विहंगम दृष्टिपात कराया। कार्यक्रम संचालन विभाग के सहायक आचार्य गोपाल सिंह ने किया। निर्णायक की भूमिका का निर्वहन हिन्दी विभाग प्रभारी डॉ राणा प्रताप तिवारी तथा बी.एड. विभाग के गोपाल सिंह ने किया।

कार्यक्रम में परिधि तिवारी प्रथम, वर्षा सिंह द्वितीय तथा हेमन्त कुमार तृतीय स्थान पर रहे। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. उमेश प्रसाद यादव ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण डॉ० धर्मेंद्र कुमार सोनकर, डॉ० राहुल सिंह, डॉ. नन्दिता मिश्र, डॉ देवेन्द्र कुमार पाठक,  डॉ के. आर. यादव, अखिल कुमार राय, अशोक कुमार, अनिल सिंह तथा कर्मचारीगण में संतोष पटेल और पीयूष यादव उपस्थित थे।










संबंधित समाचार