आजमगढ़ के MLA की दिनदहाड़े हत्या करने वाला इनामी बदमाश 10 साल से था फरार, लुधियाना से गिरफ्तार, जानिये UT STF का पूरा एक्शन

डीएन संवाददाता

आजमगढ़ के सगड़ी विधानसभा के विधायक सर्वेश सिंह सीपू की दिनदहाड़े गोली मार कर हत्या करने के बाद से फरार इनामी बदमाश अरविंद कश्यप को यूपी एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

इनामी बदमाश अरविंद कश्यप (बाएं)  गिरफ्तार
इनामी बदमाश अरविंद कश्यप (बाएं) गिरफ्तार


लखनऊ: उत्तर प्रदेश एसटीएफ को फिर एक बड़ी सफलता मिली है। आजमगढ़ के सगड़ी विधानसभा के विधायक सर्वेश सिंह सीपू की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या करके के बाद से फरार चल रहे इनामी बदमाश अरविंद कश्यप को यूपी एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। 10 साल पहले यूपी के कुख्यात माफिया ध्रुव सिंह कुंटू गैंग के सदस्यों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। अरविंद कश्यप पर पुलिस ने एक लाख का इनाम घोषित किया था। एसटीएफ ने इस अपराधी को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया। 

गिरफ्तार अपराधी अरविंद कश्यप उर्फ पिंटू पुत्र रामबली कश्यप मूल रूप से चकिया कसरावल थाना मेहनगर जनपद आजमगढ़ का रहने वाला है। आजमगढ़ के थाना जीयनपुर में उसके खिलाफ मु०अ०संख्या 348/2013 धारा 147/302/120बी आईपीसी के तहत मामला दर्ज था। वह अन्य कई अपराधों में भी वांछित था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तार पर एक लाख का पुरस्कार घोषित किया था।
यूपी एसटीएफ की वाराणसी की टीम ने एक खास सूचना पर अपराधी अरविंद कश्यप को थाना क्षेत्र डाबा जनपद लुधियाना पंजाब से गिरफ्तार किया। वह वहां भेष बदलकर रह रहा था। 

अभियुक्त अरविंद कश्यप ने माफिया ध्रुव सिंह कुंटू के इशारे पर उसके गिरोह के सदस्यों के साथ 19 जुलाई 2013 को आजमगढ़ के विधायक सर्वेश सिंह सीपू की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के इस मामले में 16 मार्च 2022 को ध्रुव सिंह कुंटू सहित 7 अभियुक्तों को आजीवन कारावास से दंडित किया गया था।

इस मामले में अभियुक्त अरविंद कश्यप लगातार फरार चल रहा था। अभिसूचना संकलन के दौरान एसटीएफ की टीम को उसके जनपद लुधियाना में मौजूद होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दबिश देकर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया।










संबंधित समाचार