सीएम योगी बोले, भारतीयों के खून-पसीने से बना ताजमहल

डीएन ब्यूरो

भाजपा विधायक संगीत सोम के बयान के उलट उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, यह बहस जरूरी नहीं है कि ताजमहल का निर्माण किसने किया और क्यों किया, बल्कि महत्वपूर्ण बात यह है कि इसके निर्माण में भारत के मजदूरों ने अपना खून-पसीना बहाया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ


लखनऊ: भाजपा विधायक संगीत सोम के बयान पर असहमति जताते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ताज महल का निर्माण किसने किया और क्यों किया, यह बहस जरूरी नहीं है, इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि इसके निर्माण में भारत के मजदूरों ने अपना खून-पसीना बहाया था।

सीएम योगी ने ताज महल को पर्यटन के नजरिए से बहुत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए यह सरकार की प्राथमिकता है कि पर्यटकों को सुविधा और सुरक्षा दे। सीएम योगी  26 अक्टूबर को आगरा जाएंगे। इस दौरान वह ताजमहल और आगरा के किले का दौरा भी कर सकते हैं।

 

सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार सूबे के समस्त किलो को संरक्षित करेगी। इसके लिए एक आध्यात्मिक सर्किट बनाया जाएगा। इसमें चुनार का किला, झाँसी किला, कालिंजर किला आदि को स्थान दिया गया है। टूरिस्ट बुकलेट से ताजमहल के गायब होने पर मुख्यमंत्री ने बताया कि दरअसल बौद्ध सर्किट व आध्यात्मिक सर्किट पर काम होने के साथ ताजमहल के लिए अलग प्रोजेक्ट बनाया गया है। ताजमहल के लिए अलग से प्रोजेक्ट बनाए जाने की वजह से बुकलेट में दूसरे पर्यटन स्थलों को जगह मिली। ताजमहल के संरक्षण का काम सरकार कर ही रही है।

दरअसल ताजमहल के संबंध में ताजा विवाद पिछले दिनों उस वक्‍त शुरू हुआ जब राज्‍य की पर्यटन विभाग की सूची से इसे बाहर कर दिया गया। उसी कड़ी में यूपी के मेरठ जिले की सरधना सीट से बीजेपी के विधायक संगीत सोम ने रविवार को ताजमहल को लेकर विवादित बयान दिया है। संगीत सोम ने कहा है कि ताजमहल भारतीय संस्कृति पर धब्बा है। इस बयान पर संगीत सोम की खूब किरकिरी हो रही है। 










संबंधित समाचार