Mulayam Singh Yadav: सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन आज, जानिये उनसे जुड़ी खास बातें, PM मोदी ने भी दी बधाई

डीएन ब्यूरो

समाजवादी पार्टी के संस्थापक और संरक्षक मुलायम सिंह यादव आज सादगी के साथ अपना 82वां जन्मदिन मना रहे हैं। पीएम मोदी ने भी मुलायम सिंह को जन्मदिन पर बधाई दी है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट

सपा ने पार्टी संरक्षक को इस तरह दी बधाई (फाइल फोटो)
सपा ने पार्टी संरक्षक को इस तरह दी बधाई (फाइल फोटो)


लखनऊ/नई दिल्ली: देश के रक्षा मंत्री और तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे समाजवादी पार्टी के संस्थापक व संरक्षक मुलायम सिंह यादव का आज 82वां जन्मदिन है। इस मौके पर सपा समेत तमाम पार्टियों के नेताओं द्वारा मुलायम सिंह यादव को जन्मदिन की बधाई दी जा रही है। समाजवादी पार्टी ने सपा संरक्षक के जन्मदिन को सादगी से मनाने का ऐलान किया है। 

प्रदानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मुलायम सिंह यादव को जन्मदिन की बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्विट कर लिखा “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। देश की राजनीति में उन्होंने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं”। 

सीएम योगी ने भी मुलायम सिंह यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि ‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं”। 

जन्मदिन के खास मौके पर डाइनामाइट न्यूज की इस रिपोर्ट में पढ़िये मुलायम सिंह यादव से जुड़ी कुछ खास बातें।

उत्तर प्रदेश के सैफई में 22 नवंबर 1939 को जन्मे मुलायम सिंह यादव ने 1992 में समाजवादी पार्टी का गठन किया। मुलायम सिंह यादव पहली बार 1967 में विधायक चुने गए थे। वे तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। इसके अलावा वे केंद्र में रक्षा मंत्री भी रहे। वे 1989 में पहली बार यूपी के सीएम बने। 

आपातकाल के दौरान मुलायम सिंह यादव 19 महीने तक जेल में रहे थे। 1980 में वह लोकदल के अध्यक्ष बने। 1985 के बाद मुलायम ने क्रांतिकारी मोर्चा बनाया। 1990 में केंद्र में वीपी सिंह की सरकार गिरने के बाद मुलायम सिंह यादव ने चंद्रशेखर के जनता दल (सोशलिस्ट) से जुड़े और मुख्यमंत्री बने रहे। 

मुलायम सिंह यादव ने 1993 में बसपा के समर्थन से एक बार फिर यूपी में सरकार बनाई। इसके बाद 2003 में भी वे फिर सत्ता में लौटे और सीएम बने। मुलायम सिंह यादव 1996 से 1998 तक देश के रक्षामंत्री भी रहे। 2012 में मुलायम सिंह यादव की पार्टी फिर सत्ता में लौटी, लेकिन इस बार मुलायम सिंह यादव ने अपने बेटे अखिलेश यादव को सीएम बनाया और सक्रिय राजनीति से थोड़ी दूरी बना ली। अब वे सपा में संरक्षक की भूमिका में हैं।










संबंधित समाचार