UP Election: प्रियंका गांधी ने लखनऊ में जारी किया कांग्रेस का महिला घोषणा पत्र शक्ति विधान, जानिये इसकी खास बातें

डीएन ब्यूरो

उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में महिलाओं को रिझाने के लिये कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज लखनऊ में कांग्रेस का महिला घोषणा पत्र (शक्ति विधान) जारी किया। डाइनामाइट न्यूज की इस रिपोर्ट में जानिये इससे जुड़ी खास बातें

महिला घोषणा पत्र जारी करतीं प्रियंका गांधी व पार्टी नेता
महिला घोषणा पत्र जारी करतीं प्रियंका गांधी व पार्टी नेता


लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिये पार्टी की जमीन को मजबूत करने में जुटीं कांग्रेस महासचिव और पार्टी की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका ने आज लखनऊ स्थित पार्ट कार्यालय में उत्तर प्रदेश कांग्रेस का महिला घोषणा पत्र जारी किया, इसे  घोषणा पत्र को शक्ति विधान नाम दिया गया है। महिला घोषणा पत्र में कहा गया है कि यूपी में कांग्रेस की सरकार बनने पर उनकी पार्टी महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 40 प्रतिशत आरक्षण देगी। साथ ही 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की भी सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही इस घोषणा पत्र में महिलाओं से कई वादे किये गये हैं।

इस मौके पर प्रियंका गांधी ने कहा की सक्षमता, शक्ति व दृढ़निश्चय महिलाओं के सहज गुण हैं। महिलाएँ साहस, करुणा एवं आशा की प्रतीक हैं। महिलाओं के सच्चे सशक्तिकरण के लिए आवश्यक है कि उनके लिए एक ऐसा वातावरण बनाया जाए जिसमें उनकी अभिव्यक्ति को बंधन मुक्त व असीमित आकाश मिले। हमारे महिला घोषणा पत्र की मूल भावना यही है।

उन्होंने कहा कि पिछले कई महीने में उप्र कांग्रेस ने प्रदेश भर की महिलाओं से सलाह-मशविरा किया और उनके लिए एक नई राह बनाने का खाका तैयार किया। शक्ति विधान गृहणियों, कॉलेज की लड़कियों, आशा व आंगनबाड़ी बहनों, स्वयं-सहायता समूह की बहनों, शिक्षिकाओं और प्रोफेशनल महिलाओं की आवाज़ का प्रतिबिम्ब है।

उन्होंने कहा कि राजनीति में महिलाओं के लिये हम 40 फीसदी हिस्सेदारी से शुरू कर रहे हैं, हम चाहते हैं कि ये एक दिन 50 फीसदी बने। कामकाजी महिलाओं के लिए 25 शहरों में सुरक्षित और नवीनतम सुविधाओं वाले छात्रावास बनाए जाएंगे, मनरेगा में महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। 

प्रियंका गांधी ने कहा कि हमने महिला घोषणापत्र को छह हिस्सों में बांटा है,  जिसमें स्वाभिमान, स्वावलंबन, शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और सेहत शामिल है। हमने घोषणापत्र में ये घोषणा की है कि नए सरकारी पदों में आरक्षण प्रावधानों के अनुसार 40% महिलाओं की नियुक्ति होगी।

महिला घोषणापत्र की खास बातें

1) विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 40 फीसदी टिकट
2) स्नातक पास लड़की को स्कूटी।
3) महिला द्वारा संचालित छोटे व्यापारों में टैक्स से छूट।
4) बस में फ्री यात्रा।
5) विधवा को 500 रुपये पेंशन।
6) गरीब महिलाओं को फ्री इंटरनेट।
7) आवासीय खेल अकादमी की स्थापना। 
8) पुलिस बल में 25 प्रतिशत महिलाओं को नौकरी। 
9) बलात्कार जैसी गंभीर शिकायत में नियमों का पालन न होने पर अधिकारी का निलंबन।
10) हर जिले में महिलाओं के लिए मुफ्त कानूनी मदद। 
11) कोई भी बीमारी हो 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज। 
12) मासिक धर्म से संबंधित दवाओं की मुफ्त आपूर्ति। 
13) हर सीएचसी में स्वस्थ शिक्षा केंद्र और वहां महिला डॉक्टर की नियुक्ति।

14) महिलाओं को हर साल तीन गैस सिलेंडर मुफ़्त मिलेंगे। 
15) परिवार में पैदा होने वाली प्रत्येक बालिका के लिए एक एफडी बनवाई जाएगी।

 










संबंधित समाचार