लखनऊ में पुलिस और कांग्रेसियों के बीच जोरदार भिड़ंत, अजय लल्लू को पुलिस ने टांगकर किया गिरफ्तार

डीएन ब्यूरो

राजस्थान में उठे सियासी तूफान की हलचल सोमवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी देखने को मिली। यहां धरना देने पहुंचे कई कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूरी खबर..



लखनऊ: राजस्थान के सियासी संग्राम ने अब देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भी एंट्री कर ली है। सोमवार को यहां कई बड़े कांग्रेसी नेता राजभवन के सामने धरना देने पहुंचे। कांग्रेस के इन नेताओं ने भाजपा पर राजस्थान में लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया। इसी मामले को लेकर राजभवन में धरना दे रहे सभी कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। 

भाजपा द्वारा राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार को अस्थिर करने के आरोप को लेकर प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू, राज्यसभा सांसद पीएल पुनिया समेत तमाम कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ताओं ने राजभवन के सामने धरना देना शुरू किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा ‘लोकतंत्र की हत्या बंद करो’ जैसे नारे लगाये जा रहे थे। प्रद्रशन बढता देख वहां पुलिस पहुंच गयी।

राजभवन पर धरना दे रहे सभी कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस के साथ कांग्रेसियों की हल्की झड़प भी देखने को मिली।

कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि हम लोकतंत्र की हत्या नहीं सहेंगे और भाजपा को उसकी मंशा में कभी सफल नहीं होने देंगे। कांग्रेसियों का कहना है कि भाजपा द्वारा राजस्थना सरकार को अस्थिर किये जाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे हम हरगिज नहीं होने देंगे।
 










संबंधित समाचार