यूपी विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र आज, सड़क पर सपा व कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, जानिये पूरा अपडेट

डीएन ब्यूरो

आज उत्तर प्रदेश की 17वीं विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र का आयोजन किया जा रहा है। विधान भवन में हो रहे इस सत्र के बीच बाहर सड़क पर सपा व कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी है। पूरी रिपोर्ट

यूपी विधानसभा के बाहर प्रदर्शन करते सपा कार्यकर्ता
यूपी विधानसभा के बाहर प्रदर्शन करते सपा कार्यकर्ता


लखनऊ: उत्तर प्रदेश की 17वीं विधानसभा का आज एक दिवसीय विशेष सत्र का आयोजन किया जा रहा है। इस सत्र में 15 विधेयक पर बहस की जायेगी और इसके साथ ही इन विधेयकों का संशोधन प्रस्ताव रखा जायेगा। इसके अलावा विधानसभा के उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिये भी मतदान किया जायेगा। विधान भवन में हो रहे इस सत्र के बीच बाहर सड़क पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे है। 

योगी सरकार द्वारा बुलाये गये यूपी विधानसभा के इस एक दिवसीय विशेष सत्र में अन्य कई विधेयकों पर भी चर्चा के साथ विधानसभा उपाध्यक्ष के निर्वाचन की कार्यवाही होगी। उत्तर प्रदेश विधानमंडल के सत्रहवें विधानसभा के उपाध्यक्ष का पद फिलहाल रिक्त है, जिसके लिये आज मतदान होना है। इसके लिये भाजपा समर्थित प्रत्याशी और सपा उम्मीदवार के बीच मुकाबला है।

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने विधानसभा उपाध्यक्ष के निर्वाचन का बहिष्कार का फैसला किया है। सदन की कार्यवाही से पहले ही समाजवादी पार्टी तथा कांग्रेस के नेता इस विशेष सत्र का विरोध कर रहे हैं। विधान भवन को तगड़े सुरक्षा घेरे में रखा गया है। सपा और कांग्रसियों द्वारा विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया जा रहा है। 

समाजवादी पार्टी का कहना है कि आसमान छूती महंगाई, किसानों के साथ भाजपा सरकार के धोखे, ऐतिहासिक बेरोज़गारी से परेशान जनता की आवाज़ बुलंद करने के लिए विधान भवन के विधायकों द्वारा धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानमंडल के सत्रहवें विधानसभा के उपाध्यक्ष का पद योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे राजेश अग्रवाल के त्यागपत्र के बाद यह पद खाली हो गया था। अब इस रिक्त पद को भरने के लिये यूपी विधानसभा के विशेष सत्र में आज मतदान होगा। भारतीय जनता पार्टी ने हरदोई से विधायक नितिन अग्रवाल को अपना समर्थन दिया है। उनके खिलाफ सपा के नरेन्द्र सिंह वर्मा मैदान में हैं।     










संबंधित समाचार