Crime in UP: फिरोजाबाद में छेड़छाड़ का विरोध करने पर छात्रा की गोली मारकर हत्या, क्षेत्र में कोहराम

डीएन ब्यूरो

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए कुछ बदमाशों ने छेड़खानी का विरोध करने पर एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। पढिये, डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर


लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही आपराधिक वारदातों के बीच राज्य के फिरोजाबाद से एक सनसनीखेज घटना सामने आयी है। फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर क्षेत्र में कुछ मनचले बीती देर रात एक घर में घुसे और 16 साल की छात्रा के साथ छेड़खानी करने लगे। छेड़खानी का विरोध करने पर इन गुंडों ने पहले छात्रा से मारपीट की और बाद में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। 

बीती देर रात छात्रा की गोली मारकर हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गए। इस हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने तीन नामजद और तीन अज्ञातों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस द्वारा कई टीमें बनाकर दबिश दी जा रही है। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। 

जानकारी के मुताबिक रसूलपुर के प्रेम नगर में बीती रात कुछ मनचले एक घर का दरवाजा तोड़ते हुए अंदर घुसे और घर में सो रही 16 साल की ईशू पर तमंचे से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। ईशू की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गये।

बताया जाता है कि मृतक छात्रा ईशू नजदीक के ही माता प्रसाद कलावती देवी स्कूल की 11वीं की छात्रा थी। जिन आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया, वे स्कूल आते-जाते समय ईशू के साथ छेड़खानी करते थे। वह लगातार छेड़खानी का विरोध करती रही। शुक्रवार की देर रात मौका पाकर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ईशू की हत्या की दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया।

छात्रा की मौत के बाद परिवार और गांव में कोहराम मच गया। सूचना के बाद देर रात पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया।

इस मामले में तीन नामजद और तीन अज्ञातों के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिये भिजवाया गया। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। 
 










संबंधित समाचार