Bulli Bai app case: बुल्ली बाई ऐप के डेवलेपर को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानिये इससे जुड़े बड़े खुलासे

डीएन ब्यूरो

खास वर्ग की महिलाओं को अपमानित करने वाले बुल्ली बाई ऐप केस में दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस एप्प को बनाने वाले को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

बुल्ली बाई एप्प केस में चौथी गिरफ्तारी (फाइल फोटो)
बुल्ली बाई एप्प केस में चौथी गिरफ्तारी (फाइल फोटो)


नई दिल्ली: मुस्लिम महिलाओं को अपमानित करने और उनकी बोली लगाने से जुड़े बुल्ली बाई ऐप (Bulli Bai) केस में दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। दिल्ली पुलिस ने Bulli Bai ऐप के डेवलेपर को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी असम से की गई है। इस मामले में यह चौथी गिरफ्तारी है।

जानकारी के मुताबिक इस केस की जांच में जुटी दिल्ली पुलिस को एक इनपुट मिला था, जिसके बाद पुलिस टीम असम पहुंची, जहां पुलिस ने bulli bai के क्रिएटर को गिरफ्तार किया।

दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये आरोपी का नाम नीरज बिश्नोई है। उसकी उम्र 21 साल बताई गई है। बिश्नोई वीआईटी भोपाल में इंजीनियरिंग का सेकंड ईयर का छात्र है। पुलिस उससे पूछताछ में जुटी हुई है। माना जा रहा है कि इस केस में अभी कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं। 

बता दें कि इससे पहले बुल्ली बाई केस तीन गिरफ्तारियां हो चुकी है। तीनों गिरफ्तारियां मुंबई पुलिस ने की थी। गिरफ्तार किये गये तीनों आरोपियों के नाम श्वेता सिंह, विशाल कुमार और मयंक रावल है। 

गिरफ्तार किये गये एक आरोपी विशाल कुमार को मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बेंगलुरु की कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे 10 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है।










संबंधित समाचार