Kisan Mahapanchayat: बिजनौर किसान महापंचायत में प्रियंका गांधी बोलीं- खरबपतियों के लिए है कृषि कानून

डीएन ब्यूरो

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर में आयोजित किसान महापंचायत में तीन नये कृषि कानूनों को लेकर एक बार फिर मोदी और केंद्र सरकार पर हमला बोला। डाइनामाइट न्यूज रिपोर्ट

किसान महापंचायत को संबोधित करतीं प्रियंका गांधी
किसान महापंचायत को संबोधित करतीं प्रियंका गांधी


मेरठ: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज पश्चिमी यूपी के बिजनौर में आयोजित किसानों की महापंचायत में तीन नये कृषि कानूनों को लेकर पीएम मोदी समेत केंद्र सरकार पर फिर एक बार जमकर हमला बोला। प्रियंका गांधी ने कहा कि केंद्र के तीनों कृषि कानून किसानों के लिये नहीं बल्कि देश के कुछ चुनिंदा खरबपतियों के लिए है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों का ये भरोसा नहीं टूटने देगी, हम अन्नदाता किसानों की इस लड़ाई को अंतिम सांस तक लड़ेंगे रहेंगे।

बिजनौर के चांदपुर में सोमवार को किसानों को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि ये तीनों कृषि कानून मोदी सरकार द्वारा किसानों के लिए नहीं बल्कि खरबपतियों के लिए लागू की गई है। किसान पिछले 80 दिनों से ठंड में दिल्‍ली बार्डर पर बैठे हुए हैं। साथ ही गर्मी का सामना कर रहे हैं, लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी कृषि कानूनों को वापस लेने के लिए तैयार नहीं है। प्रियंका ने कहा कि पीएम को पहले चुनाव में लोगों ने भरोसा करके जिताया, लेकिन प्रधानमंत्री ने भरोसा तोड़ा है। 

प्रियंका वाड्रा ने कहा जब किसान ही इन नये कृषि कानूनों के लिये मना कर रहे हैं तो फिर क्‍यों मोदी सरकार कृषि कानूनों को वापस नहीं ले रही हैं। जमाखोरी पर जवाहरलाल नेहरु ने कानून बनाया था। लेकिन अब फिर जमाखोरी होने लगी है। जमाखोरी हो रही है, इसे लेकर कोई रोक नहीं है। 

प्रियंका गांधी ने कहा कि जो मोदी सरकार नए संसद भवन के निर्माण में 20 हजार करोड़ रूपये खर्च कर सकती है, उस सरकार के पास देश के किसानों के 15000 करोड़ रूपये बकाया देने को पैसे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के पास पैसा तो है लेकिन उनकी नीयत और प्राथमिकता में फिजूलखर्ची है, किसान नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के जोर-जुल्म और सरकार के किसान विरोधी इरादों को हम जरूर कुचलेंगे। 

प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी सरकार ने युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था लेकिन लोगों को अभी तक रोजगार नहीं मिला। उन्‍होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने किसानों के गन्‍ना बकाया का भी भुगतान नहीं किया। 16000 करोड़ के दो हवाई जहाज खरीदे, लेकिन किसानों के गन्‍ना भुगतान के लिए इनके पास पैसे नहीं है।










संबंधित समाचार