Bihar: बिहार में कच्चे तेल के लिये चोरों का ये करतब जानकर आप भी हो जाएंगे दंग

डीएन ब्यूरो

बिहार के खगड़िया जिले के एक गांव में चोरों ने कच्चा तेल चोरी करने के लिए छह मीटर गहरा गड्ढा खोदा और भूमिगत पाइपलाइन में छेद कर दिया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

चोरों ने भूमिगत पाइपलाइन में किया छेद (फाइल फोटो)
चोरों ने भूमिगत पाइपलाइन में किया छेद (फाइल फोटो)


खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले के एक गांव में चोरों ने कच्चा तेल चोरी करने के लिए छह मीटर गहरा गड्ढा खोदा और भूमिगत पाइपलाइन में छेद कर दिया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि घटना के बारे में मंगलवार को तब पता चला जब खेतों में तेल रिसने लगा जिससे ग्रामीणों के बीच तेल लूटने की होड़ मच गई। ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) के अधीक्षण अभियंता हिमांशु सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने संबंधित स्थल का निरीक्षण किया।

सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि चोर एक तेल टैंकर पर सवार होकर आए थे और उन्होंने खुद को कंपनी का अधिकारी बताया। सिंह ने कहा कि सोमवार रात पाइपलाइन से तेल चोरी करने के लिए एक मोटर पंप का इस्तेमाल किया गया।

ओआईएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और छेद को बंद कर दिया जिसके बाद तेल की आपूर्ति बहाल कर दी गयी। सिंह ने कहा, ‘‘हमने शुरू में सोचा था कि असम तक जाने वाली पाइपलाइन में रिसाव हो गया है। लेकिन संबंधित स्थल के निरीक्षण के दौरान मामला पूरी तरह से एक अलग कहानी बता रहा था। हमें अवैध रूप से खोदा गया गड्ढा और पाइपलाइन में एक छेद मिला। ग्रामीणों ने सोमवार रात को घटनास्थल के करीब एक तेल टैंकर देखे जाने की भी पुष्टि की।’’

सिंह ने कहा कि खुद को अधिकारी बताकर चोर उस जगह पर आए थे और वे कच्चे तेल के एक टैंकर पर सवार होकर फरार हो गए। पुलिस ने रिसाव वाले स्थान को सील कर दिया था और निकटवर्ती बेगूसराय जिले में बरौनी तेल रिफाइनरी में अधिकारियों को सूचित किया था। सिंह ने कहा, ‘‘हम इस संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएंगे।’’










संबंधित समाचार