महराजगंज: फरेंदा में कांग्रेस विधायक वीरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में निकली भारत जोड़ो यात्रा, पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी जोश

डीएन संवाददाता

महराजगंज जनपद के फरेंदा में कांग्रेस के विधायक वीरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा निकाली गई। इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश देखने को मिला। डाइनामाइट न्यूज़ पर जानिए पूरा अपडेट



महराजगंज: कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष व फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी के अगुवानी में रविवार को भारत जोड़ो यात्रा निकाली गई। इस मौके पर कांग्रेस विधायक ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का संदेश देश से नफरत मिटाकर भाईचारा लाना है।

भारत जोड़ो यात्रा के मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष व फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी का फूल माला पहनाकर और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। यात्रा फरेंदा के हर्दीडाली से शुरू होकर गनेशपुर, विष्णु मंदिर चौराहा, अम्बेडकर तिराहा, फरेंदा ओवर ब्रिज, कम्हरिया खुर्द, बड़हरा देवी चरण और गोपलापुर होते हुए पिपरा चौराहे पर खत्म हुई।

डाइनामाइट न्यूज़ से बातचीत करते हुए वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी की अगुवाई में चल रही भारत जोड़ो यात्रा देश से नफरत मिटाकर भाईचारा पैदा करेगी और देश में परिवर्तन का संकेत है। भारत जोड़ो यात्रा में आम आवाम का मिल रहा सहयोग और उत्साह यह बता रहा है कि अब देश और प्रदेश में परिवर्तन तय है क्योंकि जबसे देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से महंगाई, भ्रष्टाचार,तानाशाही चरम पर है।

उन्होंने कहा कि जनता भी मौजूदा सरकार में बैठे तानाशाहों से भयभीत है। कांग्रेस विधायक ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर उनके द्वारा भी भारत जोड़ो यात्रा कुशीनगर देवरिया, बलिया, मऊ, आजमगढ़, अम्बेडकर नगर, अयोध्या, बस्ती, सिद्धार्थनगर होते हुए आज महराजगंज जिले के फरेंदा विधानसभा में पहुंची है, जिसका समापन संतकबीरनगर जिले के मगहर में होगा। उसके बाद सभी लोग राहुल गांधी की यात्रा में शामिल हो जायेंगे।










संबंधित समाचार