एशियन गेम्सः घुड़सवारी में भारत को मिले दो रजत, खिलाड़ियों से और पदकों की उम्मीद

डीएन ब्यूरो

एशियन गेम्स में 8वें दिन भारत को घुड़सवारी में 2 रजत पदक मिले हैं। भारत पदक तालिका में फिलहाल 9वें नंबर पर काबिज है। वहीं अब तक भारत के पदकों की संख्या 31 पहुंच गई है। एशियन गेम्स पर डाइनामाइट न्यूज़ की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट..

फुआद मिर्जा
फुआद मिर्जा


जकार्ताः इंडोनेशिया में चल रहे एशियन गेम्स में 8वां दिन भारत के लिए एक नई उम्मीद लेकर आया। घुड़सवारी के सिंगल इवेंट व टीम इवेंट में भारत ने रजत पदक जीत लिया है। सिंगल इवेंट में फुआद मिर्जा ने तो वहीं टीम इवेंट में राकेश कुमार, आशीष मलिक, जितेंद्र सिंह और फुआद मलिक की बदौलत रजत पदक अपने नाम किया। इन पदकों के साथ अब भारत की झोली में कुल 7 स्वर्ण, 9 रजत और 19 कांस्य पदक आए हैं।

सायना ने भी पदक किया पक्का 

रविवार को खेले गए महिला सिंगल्स मुकाबले में भारत की स्टार महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में जगह पक्की की। सायना ने क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड की रत्चानोक इंतानोन को 2-0 से हराया। 40 मिनट तक चले इस मुकाबले में रत्चानोक को सीधे सेटों में सायना ने 21-18, 21-16 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

तीरंदाजी में महिला टीम फाइनल में

तीरंदाजी की भारतीय महिला टीम ने भी एक बेहतर खेल का नमूना पेश किया। भारतीय महिला तीरंदाजों की टीम ने महिला कंपाउंड टीम स्पर्धा में चीनी ताइपो को करीबी मुकाबले 225- 222 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। अब फाइनल मुकाबले में मुस्कान किरार, मधुमिता कुमारी और सुरेखा ज्योति वेन्नम की टीम का सामना दक्षिण कोरिया से होगा।

हिमा दास को 400 मीटर स्पर्धा में रजत 

18 साल की हिमा दास ने महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा में कमाल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतने में सफलता पाई हैं । उन्होंने 400 मीटर दौड़ में 50.79 सेकेंड का समय निकाला। वहीं इस दौड़ में बहरीन की सल्वा नासिर ने 50.09 सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं इसी स्पर्धा में शामिस एक अन्य भारतीय एथलीट निर्मला को चौथा स्थान मिला उन्होंने 52.96 सेकेंड का समय निकाला।

मोहम्मद अनस याहिया को भी 400 मीटर स्पर्धा में रजत

भारतीय एथलीट मोहम्मद अनस याहिया ने भी 400 मीटर स्पर्धा के फाइनल में रजत पदक जीत लिया है। अनस ने 45.69 सेकेंड का समय निकालकर यह रजत अपने नाम किया। वहीं कतर के अब्दालेह हसन ने 44.89 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। अनस के अलावा भारत के एक और पुरुष एथलीट राजीव ने 45.84 सेकेंड के साथ चौथा स्थान पाया।
 

एक नजर एशियन गेम्स की पदक तालिका पर

1.    चीनः 18वें एशियन गेम्स में चीन पहले नंबर पर बना हुआ है। चीन ने अब तक 72 स्वर्ण, 55 रजत और 32 कांस्य पदक जीते हैं। इन पदकों के साथ अब चीन की झोली में कुल 159 पदक हो गए है। 

2.    जापानः अपने जुझारू खिलाड़ियों की बदौलत जापान एशियन गेम्स की पदक तालिका में दूसरे नंबर पर काबिज हैं। जापान के खिलाड़ियों ने अब तक 37 स्वर्ण, 32 रजत और 44 कांस्य पदक जीते है। इन पदकों के साथ अब जापान ने आठवें दिन तक 113 पदक अपनी झोली में डाले हैं।

3.    रिपब्लिक ऑफ कोरियाः कोरिया भी 18वें एशियन गेम्स में बेहतर खेल का परिचय दे रहा हैं। अब तक कोरियाई टीम ने 25 स्वर्ण, 28 रजत और 36 कांस्य पदक जीते हैं। इसके साथ ही वह 89 पदकों के साथ तीसरे नंबर पर बना हुआ है।

9. भारतः बात अगर भारत की करें तो अपने खिलाड़ियों की बदौलत भारत पदक तालिका में 9वें नंबर पर बना हुआ है। जहां दो दिन पहले भारत सातवें नंबर पर काबिज था वहीं अब यह दो पायदान नीचे चला गया है। अब तक भारत की झोली में 7 स्वर्ण, 9 रजत और 19 कांस्य पदक आए हैं। इन पदकों के साथ अब भारत के पास कुल 35 पदक हो गए हैं। अभी उम्मीद लगाई जा रही हैं कि भारतीय रैंकिंग में सुधार होगा।   
 










संबंधित समाचार