Crime in Bihar: आर्मी के जवान ने लाइसेंसी बंदूक से पत्नी समेत तीन महिलाओं को मारी गोली, जानिये क्यो भड़का जवान

डीएन ब्यूरो

बिहार में सेना के जवान ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पत्नी समेत तीन महिलाओं को गोली मार दी। जवान की फायरिंग से पूरे क्षेत्र में दहशत मच गई। इस रिपोर्ट में जानिये पूरा मामला

गोली मारने वाला आरोपी जवान गिरफ्तार (सांकेतिक फोटो)
गोली मारने वाला आरोपी जवान गिरफ्तार (सांकेतिक फोटो)


पटना: बिहार के बेतिया अनुमंडल क्षेत्र में सेना के एक जवान ने अपनी पत्नी समेत 3 महिलाओं को लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। फौजी द्वारा की गई इस फायरिंग से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गोली लगने से एक नाबालिग लड़की समेत तीन महिलाएं बुरी तरह जख्मी हैं, जिनको इलाज के जीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुफस्सिल थाना की पुलिस ने आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है। 

यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरवत गांव की है। बताया जाता है कि नशे में धुत सेना का जवान अपनी पत्नी अनिता के साथ मारपीट कर रहा था। मारपीट से बचने के लिये उसकी पत्नी मौके से भागकर घर से बाहर निकल गई और गांव की महिलाओं के बीच जाकर छिप गईं। इसके बाद गुस्से में आर्मी जवान ने घर के अंदर से अपनी लाइसेंसी दो नाली बंदूक निकाली और महिलाओं पर गोली चला दी। 

आर्मी के जवान की गोली लगने से उसकी पत्नी अनिता के अलावा पड़ोस की एक महिला पालमती और एक 15 वर्ष की लड़की काजल घायल हो गई। मौके पर भारी अफरातफरी और हड़कंप मचा गया। काजल के दोनों पैर में गोली लगी है और वह बुरी तरह जख्मी है। सभी घायलों को इलाज के लिए जीएमसीएच में भर्ती कराया गया।

ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी जवान नरेश साह को गिरफ्तार कर लिया। पत्नी का कहना है कि आरोपी उसके  साथ मारपीट करता रहता है। आरोपी जवान नरेश साह दिल्ली में पोस्टेड है और छुट्टी में घर आय हुआ है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और लाइसेंसी बंदूक भी जब्त कर ली गई है। 










संबंधित समाचार