बलिया में चारों तरफ पानी, घरों में कैद जिंदगी… सुबह नाव लेकर पहुंची NDRF, ऐसे निकाले गए पांच दर्जन परिवार

बलिया में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से भोजपुरवा गांव चारों तरफ से बाढ़ के पानी से घिर गया। गांव में फंसे करीब पांच दर्जन परिवारों को सोमवार सुबह NDRF की टीम ने नावों के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को प्राथमिकता दी गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी नाव से गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 24 August 2026, 5:20 PM IST

Ballia: बलिया में सरयू नदी की बाढ़ ने भोजपुरवा गांव के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। लगातार बढ़ते जलस्तर के चलते गांव के चारों तरफ पानी भर गया और करीब पांच दर्जन परिवार अपने घरों में फंस गए। पानी बढ़ने के बाद ग्रामीणों के सामने सुरक्षित बाहर निकलने का संकट खड़ा हो गया। हालात की जानकारी मिलने पर प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम रविवार रात ही गांव पहुंच गई थी।

नाव लेकर गांव में पहुंची NDRF टीम

सोमवार सुबह एनडीआरएफ के जवान नावों के जरिए भोजपुरवा गांव में पहुंचे। टीम ने घर-घर पहुंचकर बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया। एक-एक कर परिवारों को नाव के जरिए गांव से बाहर लाया गया। रेस्क्यू के दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को प्राथमिकता दी गई। जिन परिवारों के जरूरी घरेलू सामान को बाहर निकालना संभव था, उसे भी नावों के जरिए सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया।

कई परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया

रेस्क्यू अभियान के दौरान मुन्ना यादव, राजेंद्र यादव, संजय यादव, सुधीर यादव, हीरालाल यादव, श्रीराम यादव, योगेंद्र यादव, लल्लन यादव, स्वामीनाथ यादव, श्रीकिशन यादव, राधाकृष्ण यादव, मुन्नीलाल यादव, जवाहर यादव और रामजी यादव समेत कई परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गांव में पानी भरने के कारण लोगों के सामने भोजन, पीने के पानी और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर भी मुश्किलें पैदा हो रही थीं। ऐसे में एनडीआरएफ की टीम का रेस्क्यू अभियान ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत लेकर आया।

दूसरे ज्वैलर ने ही रची थी साथी व्यापारी को लुटवाने की साजिश, जानिए बलिया में कैसे हुआ 9 बदमाशों के नेक्सस का पर्दाफाश

रात में नहीं हो सका था रेस्क्यू ऑपरेशन

प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम रविवार रात ही गांव पहुंच गई थी। हालांकि रात के समय रेस्क्यू शुरू करना जोखिम भरा था। गांव चारों तरफ से पानी से घिरा था और अंधेरे में नाव से लोगों को निकालने में हादसे की आशंका थी। ऐसे में अधिकारियों और एनडीआरएफ टीम ने सुबह बचाव अभियान शुरू करने का फैसला किया। सुबह होते ही जवानों ने नावों के जरिए गांव में प्रवेश किया और ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम शुरू कर दिया।

सरयू के जलस्तर में मामूली गिरावट

बाढ़ के बीच सोमवार सुबह सरयू नदी के जलस्तर में मामूली गिरावट भी दर्ज की गई। चांदपुर में रविवार शाम नदी का जलस्तर 58.76 मीटर दर्ज किया गया था। सोमवार सुबह यह घटकर 58.73 मीटर हो गया। हालांकि जलस्तर में करीब तीन सेंटीमीटर की कमी आई है, लेकिन भोजपुरवा में बाढ़ का पानी अभी भी बड़ी समस्या बना हुआ है। गांव के आसपास पानी जमा होने के कारण ग्रामीणों की परेशानी कम नहीं हुई है।

बलिया में रात के अंधेरे में हुआ जोरदार हादसा, स्कॉर्पियो-बाइक की टक्कर में युवक की मौत; साथी गंभीर

अधिकारियों ने नाव से गांव पहुंचकर लिया जायजा

बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए एसडीएम पुष्कर मिश्रा, तहसीलदार नितिन कुमार सिंह और नायब तहसीलदार आशीष सिंह भी नाव के जरिए गांव पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया और रेस्क्यू अभियान की स्थिति देखी। पुलिस प्रशासन की ओर से भी मौके पर पर्याप्त बल तैनात किया गया था। सीओ जयशंकर मिश्र और प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ग्रामीणों की मदद और सुरक्षा व्यवस्था में जुटी रही।

Location :  Ballia

Published :  24 August 2026, 5:20 PM IST